Banda News : छेड़छाड़ के आरोपी के मकान पर गरजा पुलिस का बुलडोजर, सीसीटीवी फुटेज वायरल होने पर पुलिस हरकत में आई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

Banda News बांदा में छेड़छाड़ के आरोपी के मकान पर चला पुलिस का बुलडोजर।

Banda News बांदा में छेड़छाड़ के आरोपी के मकान पर पुलिस का बुलडोजर गरजा। लड़की से छेड़छाड़ के सीसीटीवी फुटेज वायरल होने पर पुलिस हरकत में आई।

बांदा, अमृत विचार। छेड़छाड़ के आरोपी के मकान पर पुलिस का बुलडोजर गरजा। आरोपी का मकान ढहाकर पुलिस ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि ऐसी घटनाओं को हल्के में न लें वर्ना खैर नहीं। पेट्रोलपंप पर युवती से छेड़छाड़ के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजकर पुलिस व प्रशासन ने सख्त रुख अख्तिायर करते हुए बुलडोजर से उसका कच्चा घर ढहा दिया। इस दौरान भीड़ तमाशाई बनी रही।

गौरतलब है कि दो दिन पहले पेट्रोल पंप में पिता के साथ बाइक पर बैठी पुत्री के साथ एक शोहदे ने छेड़छाड़ कर दी। लड़की के साथ छेड़छाड़ का सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। एंटी रोमियो स्क्वायड महिला आरक्षी की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध छेड़छाड़ समेत सुसंगत धाराओं में नरैनी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद कालिंजर थाना क्षेत्र के गुढ़ाकलां गांव निवासी आरोपी संदीप दीक्षित उर्फ राउन पुत्र रामकृपाल को गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेश करने के बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। आरोपी को जेल भेजने के बाद रविवार को शाम पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने आरोपी युवक के विरुद्ध शिकंजा कसते हुए बुलडोजर की मदद से आरोपी का कच्चा घर ढहा दिया। सीओ नरैनी नितिन कुमार ने कहा प्रत्येक अपराधी अपने को सुधार लें अन्यथा कार्यवाही के लिए तैयार रहे।

संबंधित समाचार