मुरादाबाद: झड़प और नोकझोंक के बीच 50.08 फीसदी मतदान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जिले में 32,098 मतदाता हैं खंड स्नातक क्षेत्र विधान परिषद सदस्य चुनाव के वोटर, 16074 ने डाला वोट, बारिश से मतदान में खलल, सुबह सुस्त रही रफ्तार, भाजपा प्रत्याशी डा. जयपाल सिंह व्यस्त ने मंडी समिति स्थित बूथ पर डाला वोट

मंडी समिति स्थित बूथ पर वोट डालने के बाद भाजपा प्रत्याशी डा. जयपाल सिंह व्यस्त ( लाल कैप ) व अन्य।

मुरादाबाद, अमृत विचार। बरेली-मुरादाबाद खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद चुनाव के लिए सोमवार को सुबह आठ बजे से जिले में 16 मतदान केंद्रों के 39 बूथों पर वोट डाले गए। बारिश के चलते मतदान में खलल पड़ा। सदर ब्लॉक कार्यालय परिसर में बने बूथ पर भाजपा के ब्लॉक प्रमुख मनीष सिंह और सपा के निवर्तमान महानगर अध्यक्ष शाने अली और दोनों दलों के समर्थकों के बीच झड़प और नोकझोंक के बीच जिले में सिर्फ 50.08 फीसदी मतदान हुआ। भाजपा प्रत्याशी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त ने मंडी समिति में बने बूथ पर अपना वोट डाला।
    
जिले में एमएलसी चुनाव के लिए 32,098 स्नातक मतदाता हैं। इनके मतदान के लिए शहर में तहसील कार्यालय, नगर निगम कार्यालय, मंडी समिति, आरएन इंटर कॉलेज, ब्लॉक कार्यालय परिसर आदि सहित कुल दस बूथ बने थे। इसके अलावा देहात क्षेत्र में भी बने बूथों पर मतदान हुआ। 16 सेक्टर और आठ जोन में बांटकर मतदान को शांतिपूर्ण कराने का प्रशासन का प्रयास रहा। लेकिन, सदर ब्लॉक कार्यालय परिसर में बने बूथ पर भाजपा के सदर ब्लॉक प्रमुख मनीष सिंह और समाजवादी पार्टी के निवर्तमान महानगर अध्यक्ष शाने अली आपस में भिड़ गए।

उन्हें उलझते देखकर दोनों दलों के कार्यकर्ता भी एक दूसरे पर जोर जबरदस्ती कर मतदान में खलल डालने का आरोप मढ़ने लगे। पुलिस ने सपा नेता की स्कॉर्पियो गाड़ी को कब्जे में लेकर दोनों के समर्थकों को बूथ से दूर हटाया। बताया गया कि देर से पहुंचे सपा नेता रहीस सैफी को एजेंट बनाने को लेकर दोनों के बीच धक्का मुक्की होने के बाद हंगामा हुआ। सपा कार्यकर्ताओं का आरोप था कि ब्लॉक प्रमुख ने बूथ पर कब्जा कर लिया है। जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं ने सपाइयों पर जोर जबरदस्ती करने का आरोप लगाया। समाजवादी पार्टी के नेताओं ने आरोप लगाया कि पोलिंग बूथ पर सपा के पोलिंग एजेंटों को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। भाजपा नेताओं ने बूथ पर कब्जा कर लिया है।

सूचना मिलने पर एडीएम सिटी आलोक वर्मा, एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया, सीओ सिविल लाइंस अनूप सिंह पहुंच गए। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाकर मौके से हटाया। एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने कहा कि दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया गया। मतदान प्रभावित नहीं हुआ। जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि मतदान के लिए जिले को 16 सेक्टर और आठ जोन में बांटा गया था। चार सुपर जोनल मजिस्ट्रेट जिसमें मुख्य विकास अधिकारी सुमित यादव, अपर जिलाधिकारी नगर आलोक वर्मा, एडीएम प्रशासन सुरेंद्र सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त युगराज सिंह शामिल हैं जो हर गतिविधि पर नजर रखे थे।

भाजपा प्रत्याशी डॉ. जयपाल सिंह ने मंडी समिति में वोट डालने के बाद कहा कि आज उनके साथ ही मतदाताओं की भी परीक्षा है। हम सभी को लोकतंत्र के इस उत्सव में अपनी पूर्ण सहभागिता कर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : MLC चुनाव में वोटिंग के दौरान जिलाधिकारी ने किया बूथों का निरीक्षण

संबंधित समाचार