कानपुर की यह घटना पैरेंट्स के लिए हो सकती सबक, बच्चे को गलती करने पर डांटने की बजाए समझाए, नहीं तो कर बैठेगा ये
कानपुर में पिता की डांट पर किशोर ने आत्महत्या का किया प्रयास।
कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र में पिता की डांट पर किशोर ने रेलवे ट्रैक पर बैठकर आत्महत्या का प्रयास किया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने किशोर को परिजनों के सुपुर्द किया।
कानपुर, अमृत विचार। चौबेपुर कस्बे के बंदी माता तिराहे के निकट मंगलवार दोपहर रेलवे लाइन पर आत्महत्या के इरादे से बैठे किशोर को ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने पकड़ा। किशोर के बताएनुसार पिता द्वारा उस पर जबरन मजदूरी करने का दबाव बनाया जा रहा था , कहीं काम न मिलने से परेशान होकर उसने जान देने का फैसला कर लिया। पुलिस ने किशोर को समझा बुझाकर उसके परिजनों के सुपुर्द किया है।
मंगलवार दोपहर कस्बे के बंदी माता तिराहे के पास रेलवे लाइन पर किशोर को बैठा देख आसपास के लोगों ने मामले की सूचना थाना पुलिस को दी।जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी जगदीश प्रकाश पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बच्चे को रेलवे ट्रैक से उठाकर थाने लेकर आये। पूछताछ में लड़के ने अपना नाम अर्णव मिश्रा पुत्र प्रदीप मिश्रा निवासी ग्राम पहानी, थाना हुसैनगंज, जनपद फतेहपुर बताया।
जानकारी दी कि उसके पिता कल्यानपुर में अखबार बेचने का काम करते हैं। घर की आर्थिक स्थिति ठीक न होने से पिता उस पर मजदूरी करने का दबाव बनाते हैं। लेकिन कहीं भी कोई काम न मिलने से परेशान होकर उसने आत्महत्या करने का फैसला कर लिया था। मंगलवार सुबह वह ट्रेन द्वारा कल्यानपुर से चौबेपुर आया और यहां जान देने के इरादे से दुकानों की आड़ में रेलवे लाइन पर बैठा था।
पुलिस ने किशोर के घरवालों को मामले की जानकारी देकर उन्हें मौके पर बुलाया और कड़ी हिदायत देकर बच्चे को उनके सुपुर्द कर दिया। थाना प्रभारी जगदीश प्रकाश पांडे ने बताया कि किशोर द्वारा आत्महत्या के इरादे से रेलवे ट्रैक पर बैठे जाने की बात कही गई है। समझा बुझाकर बच्चे को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
