बरेली: बीएड प्रवेश परीक्षा कल, सोशल डिस्टेंसिंग की चुनौती

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा रविवार यानी कल है। जिले में 30 परीक्षा केंद्र हैं, जहां 14,800 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9 बजे से 12 बजे और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से सायं 5 बजे तक चलेगी। शनिवार को परीक्षा …

बरेली,अमृत विचार। उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा रविवार यानी कल है। जिले में 30 परीक्षा केंद्र हैं, जहां 14,800 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9 बजे से 12 बजे और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से सायं 5 बजे तक चलेगी। शनिवार को परीक्षा केंद्रों को सेनेटाइज कर सीटिंग व्यवस्था बनाई गई।

कोरोना संक्रमणकाल में मार्च के बाद से राज्य में यह पहली परीक्षा है। चूंकि इस समय संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। इस कारण शिक्षकों ने परीक्षा का कड़ा विरोध किया। हालांकि शासन ने शिक्षकों का विरोध नजरंदाज कर परीक्षा कराने की ठानी। यही वजह है कि शनिवार को परीक्षा से एक दिन पूर्व तक कई शिक्षक परीक्षा से किनारा किए रहे। इससे केंद्राध्यक्षों के सामने परीक्षक पूरे करने की चुनौती बनी रही। बरेली कॉलेज, एमजेपी रुहेलखंड के कुछ केंद्रों ने बाहरी शिक्षकों को परीक्षक के रूप में नियुक्त किया है। कुछ पर संकट बना है, जो रात तक पूरा करने की बात कही गई है।

सोशल डिस्टेंसिंग बनेगी सबसे बड़ी चुनौती
प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर 500 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। बरेली कॉलेज में पांच केंद्र हैं। यहां 2500 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इनके साथ अभिभावक भी आएंगे, केंद्रों के निकट रहेंगे। शिक्षकों का तर्क है कि इस स्थिति में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन चुनौतीपूर्ण रहेगा।

केंद्रों पर दो घंटे पूर्व मिलेगा प्रवेश
परीक्षा प्रारंभ होने से दो घंटे पहले अभ्यर्थियों को केंद्रों पर प्रवेश दिया जाएगा। सोशल डिस्टेंसिंग के दायरे में अभ्यर्थी केंद्र पर आएंगे। अपने साथ मास्क और सेनेटाइजर भी अनिवार्य रूप से लाना होगा। इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पर्ची, गाइड आदि सामग्री के साथ केंद्र पर नहीं आएंगे।

परीक्षार्थियों की तलाशी को तैयार नहीं शिक्षक
गेट पर परीक्षार्थियों की तलाशी के लिए शिक्षक तैयार नहीं हैं। रुविवि में यह जिम्मेदारी प्रॉक्टोरियल टीम को दी गई है। एक प्रोफेसर कहते हैं कि सामान्य स्थिति में जिस तरह छात्र की तलाशी ली जाती थी। इस बार वो संभव नहीं है। क्योंकि तलाशी के लिए शिक्षकों को पीपीई किट, फेस कवर चाहिए होता, जो नहीं दिया गया है।

रुविवि में आरक्षित केंद्र की व्यवस्था
परीक्षा की नोडल प्रभारी कुलसचिव डा. सुनीता पांडेय ने रुविवि कैंपस में एक आरक्षित परीक्षा केंद्र की व्यवस्था कराई है, ताकि किसी समस्या की स्थिति में छात्रों को शिफ्ट किया जा सके।

ये बनाए गए परीक्षा केंद्र
बरेली कॉलेज, बरेली इंटर कॉलेज, एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय कैंपस, दरबारी लाल शर्मा इंटर कॉलेज, एफआर इस्लामियां इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज बरेली, राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज सीबीगंज, इस्लामियां गर्ल्स इंटर कॉलेज, कुंवर रंजीत सिंह इंटर कॉलेज, एमबी इंटर कॉलेज, आरएन टैगोर इंटर कॉलेज, साहू रामस्वरूप महिला महाविद्यालय, श्री गुलाब राय इंटर कॉलेज, श्री पीसी आजाद इंटर कॉलेज, तिलक इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका पॉलीटेक्निक सीबीगंज में 30 केंद्र बने हैं।

“सभी केंद्रों से फीडबैक लिया है। तैयारियां पूरी हैं। अभ्यर्थी समय से केंद्र पर आएं। मास्क और सेनेटाइजर का उपयोग करें। सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ध्यान रखते हुए परीक्षा दें। स्वास्थ्य दिशा-निर्देशों का पालन करें।” -डा. सुनीता पांडेय, कुलसचिव-एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय

बीएड प्रवेश परीक्षा कराने को प्रशासन तैयार
उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा कोविड-19 नियमों के तहत कराने के लिए जिला प्रशासन ने शनिवार को तैयारी पूरी कर ली। परीक्षा कराने के लिए 15 पीसीएस अफसरों समेत अन्य अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सोशल डिस्टेंसिंग के दायरे में परीक्षार्थियों को बैठाकर परीक्षा कराई जाएगी। 30 परीक्षा केंद्रों पर 14800 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। शनिवार दोपहर कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा सामग्री कलेक्ट्रेट पहुंची और नोडल अधिकारी एडीएम सिटी महेंद्र कुमार सिंह ने अपनी निगरानी में सामग्री को कोषागार में रखवाया।

रविवार सुबह परीक्षा शुरू होने से कुछ देर पहले ही कड़ी सुरक्षा में सेंटर प्रभारी की निगरानी में सामग्री केंद्रों तक पहुंचाई जाएगी। केंद्रों में सीसी कैमरे लगाए गए हैं। इधर, एडीएम सिटी महेंद्र कुमार सिंह ने जिन अफसरों की ड्यूटी लगाई है। उन्हें मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा संपन्न कराने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट, अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम, द्वितीय, तृतीय, सभी एसडीएम और जनपद स्तरीय अन्य विभागों के अफसरों की ड्यूटी लगाई है।

संबंधित समाचार