बरेली: सफाईकर्मी पर ठगी का आरोप, डीपीआरओ बोले- एफआईआर कराओ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने वाले सफाई कर्मी की शिकायत पर डीपीआरओ का चढ़ा पारा

बरेली, अमृत विचार। भोजीपुरा क्षेत्र के सफाई कर्मी ने स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगाने के नाम दो लोगों से ढाई लाख रुपये ठग लिए । जब लोगों की नौकरी नहीं लगी तो उन्होंने रुपये वापस मांगे। इस पर सफाई कर्मी टालमटोल करने लगा। मंगलवार को पीड़ियों ने विकास भवन में डीपीआरओ धर्मेंद्र कुमार से शिकायत की और साक्ष्य भी दिए, इस पर डीपीआरओ का पारा चढ़ गया। पहले तो बीडीओ को फोन कर सफाई कर्मी का जवाब मांगा फिर पीड़ितों से कहा कि उसके खिलाफ थाने में तुम रिपोर्ट लिखाओ, सेवाएं समाप्त करने की कार्रवाई हम करेंगे।

ब्लॉक भोजीपुरा के गांव नौगवां घाटपुर निवासी नरेश पाल और जीशान ने डीपीआरओ को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि वह खेती किसानी करते हैं। करीब एक साल पूर्व गांव गोपालपुर अजीज पुर के सफाई कर्मी ने उनको स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगाने का झांसा दिया और अपने करीबी सुम्मेरी सिंह के यहां ले जाकर तीन लाख रुपये की मांग की। उनके मुताबिक सरकारी नौकरी का लालच देख दोनों लोगों ने रुपयों की व्यवस्था की। आरोप है कि तय समय में जब नौकरी नहीं लगी तो सफाई कर्मी से पैसा वापस करने की बात कही। एक साल पहले डीएम से मामले की शिकायत की तो सुम्मेरी सिंह ने जीशान के 50 हजार रुपये लौटा दिए। जबकि उसका आज तक कोई पैसा नहीं लौटाया गया। 

नरेशपाल और जीशान ने डीपीआरओ को बताया कि आरोपी सफाई कर्मी किसी भी स्तर पर कार्रवाई नहीं होने के चलते रकम नहीं लौटा रहा है। इस पर डीपीआरओ धर्मेंद्र कुमार ने बीडीओ भोजीपुरा को फोन किया और सफाई कर्मी का जवाब तलब करने की बात कही। इधर, आरोपों में घिरे सफाई कर्मी का कहना है कि इस मामले में वह पहले डीपीआरओ के समक्ष अपना लिखित बयान दे चुका है। मेरे पर लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए बुधवार को डीपीआरओ के सामने अपना पक्ष रखा जाएगा।

ये भी पढ़ें- बरेली: 18 लाख बिजली उपभोक्ताओं की केवाईसी कराएगा विभाग, मोबाइल पर मिलेंगी सूचनाएं 

संबंधित समाचार