अयोध्या : बोर्ड परीक्षा में पुख्ता इंतजाम की तैयारी, नकल विहीन परीक्षा पर जोर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

 परीक्षा केन्द्रों पर बनेगा स्ट्रांग रूम, डबल लॉक में रखे जाएंगे प्रश्नपत्र

केन्द्र व्यवस्थापक व स्टेटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में खोले जाएंगे प्रश्नपत्र

अमृत विचार, अयोध्या। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद से संचालित वर्ष 2023 की हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट की परीक्षा के प्रश्नपत्रों को इस बार सभी परीक्षा केन्द्रों पर एक अलग कमरे में स्ट्रांग रूम बनाकर डबल लॉक में रखा जाएगा। पहले प्रश्नपत्रों को प्रधानाचार्य के कक्ष में अलमारी में रखा जाता था। 

वर्ष 2023 की बोर्ड परीक्षा के सभी परीक्षा केन्द्रों में प्रश्नपत्र रखे जाने के लिए एक अलग कमरे को स्ट्रांग रूम बनाया जाएगा। इस सम्बन्ध में प्रमुख सचिव दीपक कुमार ने आदेश जारी किया है। इसके अनुसार इससे प्रश्नपत्रों का सुरक्षित रख रखाव हो सकेगा। इस अलग कमरे में किसी भी प्रकार की गतिविधि का संचालन बिल्कुल नहीं होगा। स्ट्रांग रूम एवं इसमें प्रश्नपत्रों को रेखे जाने वाली डबल लॉक युक्त अलमारी 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रहेंगे।

जिला विद्यालय निरीक्षक प्रत्येक परीक्षा केन्द्र का भौतिक निरीक्षण कर वहां परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व इस व्यवस्था का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। स्ट्रांग रूम में डबल लॉक अलमारी में रखे प्रश्नपत्रों की आलमारी को प्रथम बार प्रश्नपत्रों को परीक्षा के समय निकालने के लिए और दूसरी बार शेष प्रश्नपत्रों को रखने के लिए तथा तीसरी बार बण्डल स्लिप के साथ रखने के लिए तीन बार खोला जाता है। इस प्रकार कई बार डबल लॉक अलमारी को खोले जाने के कारण प्रश्नपत्रों की गोपनीयता प्रभावित होने की संभावना रहती है। 

अलग-अलग अलमारी में रखे जाएंगे प्रश्नपत्र

परीक्षा केन्द्रों पर बनाये जाने वाले स्ट्रांग रूम में प्रश्नपत्रों को रखने के लिए डबल लॉक की अलग-अलग अलमारियां होंगी जिनकी दूरी भी रखी जाएगी। लेकिन यह एक ही कमरे में होगी। स्ट्रांग रूम में किसी भी अधिकारी, कर्मचारी का मोबाइल फोन के साथ प्रवेश नहीं दिया जाएगा। स्ट्रांग रूम में प्रवेश के लिए एक लॉग बुक, रजिस्टर रखा जाएगा जिस पर स्ट्रांग रूम में आने-जाने वालों का पूरा विवरण, तिथि व समय दर्ज किया जाएगा।  स्ट्रॉंग रूम की चॉबी परीक्षा केन्द्र पर तैनात स्टेटिक मजिस्ट्रेट के पास रहेगी। 

परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले खुलेगा स्ट्रॉग रूम

परीक्षा केन्द्र के स्ट्रॉंग रूम से प्रश्नपत्र निकालने के लिए परीक्षा शुरू होने के एक घंटे पहले खोला जाएगा। फिर परीक्षा समाप्त होने के एक घंटे बाद स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक व अतिरिक्त केन्द्र व्यवस्थापक की मौजूदगी में लॉक किया जाएगा।

यह भी पढ़ें : अयोध्या : वार्षिकोत्सव समारोह में बच्चों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम

संबंधित समाचार