मुरादाबाद : करूलावासियों को 63 दिन और झेलनी पड़ेगी दुश्वारी
छह अप्रैल तक डबल फाटक पुल के 32 बेयरिंग बदले जाएंगे...लोक निर्माण विभाग समय से काम पूरा करने का दावा कर रहा है
मुरादाबाद, अमृत विचार। डबल फाटक पुल बंद होने से साढ़े चार लाख की आबादी को अभी 63 दिन तक और परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इस पुल को मरम्मत के लिए 22 जनवरी से 75 दिन तक के लिए बंद किया गया था। छह अप्रैल तक इसके 32 बेयरिंग बदले जाएंगे। लोक निर्माण विभाग समय से काम पूरा करने का दावा कर रहा है। संभल, बहजोई, चंदौसी, बिलारी व कुंदरकी आदि क्षेत्रों के बाशिंदों को महानगर से जोड़ने के लिए 1980 में डबल फाटक पुल का निर्माण कराया गया था। समय के साथ-साथ यह पुल काफी जर्जर हो गया था। इसकी रेलिंग टूटकर गिरने लगी थीं। हमेशा हादसे का खतरा बना रहता था।
करूला, रहमत नगर, कोहिनूर तिराहा, ट्रांसपोर्ट नगर व वाजिद नगर समेत करीब साढ़े चार लाख की आबादी महानगर में आने-जाने के लिए इसी पुल का इस्तेमाल करती थी। जर्जर होने के कारण प्रशासन ने 22 फरवरी को इस पुल को वाहनों के लिए बंद कर दिया था। इसके बाद भी लोगों ने इस पुल से पैदल आवाजाही बरकरार रखी। इससे पुल की मरम्मत करने वाली कंपनी एएम कन्ट्रक्शन के कर्मचारियों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। तमाम लोग पुल के नीचे से रेल लाइन पार करने लगे थे। इसे देखते हुए रेलवे ने आरपीएफ के जवान लगाकर रेलवे लाइन से गुजरने वालों को रोक दिया। इसके बाद पुल के दोनों और टिन लगाकर पैदल आवागमन भी पूरी तरह रोक दिया गया।

इस पुल के बंद होने से साढ़े चार लाख की आबादी को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें शहर में आने के लिए हनुमान मूर्ति और आरटीओ आफिस की ओर से आने का विकल्प अपनाना पड़ रहा है। इससे उनका समय और खर्च काफी बढ़ गया है। वैवाहिक समारोह में आने-जाने के लिए लोगों को काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। पुल बंद होने का ऑटो चालक भी भरपूर फायदा उठा रहे हैं।
उन्होंने डबल फाटक से करुला का किराया कई गुना बढ़ा दिया है। लोकनिर्माण विभाग प्रांतीय खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता सुनील सागर ने बताया कि डबल फाटक पुल के 32 बेयरिंग बदले जाने हैं। इसकी मरम्मत का काम काफी तेजी से चल रहा है। उन्होंने समय सीमा के तहत काम पूरा करने की उम्मीद जताई है। यदि सब कुछ ठीक रहा तो डबल फाटक पुल से गुजरने के लिए लोगों को अभी 63 दिन तक और इंतजार करना पड़ेगा।
अवैध निर्माण तोड़ने में जुटे दुकानदार
मुरादाबाद। बुध बाजार में व्यावसायिक और निजी प्रतिष्ठानों के निर्माण में किए गए अतिक्रमण को निगम प्रशासन हटवा रहा है। व्यापारियों के अनुरोध पर निगम की जेसीबी वहीं चल रही है जहां व्यापारी खुद अतिक्रमण नहीं तोड़ रहे हैं। बाकी जगह व्यापारी खुद ही मजदूर लगवाकर लाल निशान देखकर अवैध निर्माण के हिस्से को धराशायी कर रहे हैं। शुक्रवार को भी बुध बाजार में अतिक्रमण हटाने का काम चला। दुकानों के प्रथम और भूतल के अलावा सड़क और नाले पर किए गए अतिक्रमण को भी व्यापारियों ने मजदूरों से तुड़वाया। साथ चल रही निगम की जेसीबी मलबा उठाकर वाहनों में लादकर हटाती रही। निगम के राजस्व कर निरीक्षक प्रथम उमेश कुमार तोमर सहित अन्य अधिकारियों ने इसकी निगरानी कर अतिक्रमण हटना सुनिश्चित कराया। वहीं, रेलवे स्टेशन के सामने मुसाफिरखाने के निर्माण में किए गए अतिक्रमण को भी तोड़ा गया। निगम के अधिकारियों ने चेतावनी देते हुए अवैध निर्माण तुड़वाया।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : एसएसपी ने स्टंट करने वालों पर कसा शिकंजा, गिरफ्तारी के बाद लाइसेंस होगा निरस्त
