पीलीभीत: आटा चक्की के पट्टे में फंसकर चली गई ग्रामीण की जान, मची चीख-पुकार
जहानाबाद पुलिस ने जुटाई जानकारी, शव पोस्टमार्टम को भेजा
पीलीभीत/ललौरीखेड़ा, अमृत विचार। आटा चक्की पर काम करते वक्त पट्टे में फंसकर ग्रामीण की मौत हो गई। बरेली ले जाते वक्त उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। दूसरे दिन सूचना मिलने पर पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: पसगवां में बाघ ने नीलगाय को बनाया निवाला, गांवों में फैली दहशत
जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम डंडिया भिसौड़ी के रहने वाले 35 वर्षीय अनुज कुमार शुक्ला पुत्र अशोक कुमार मकान के बाहरी हिस्से में आटा चक्की चलाते थे। शुक्रवार दोपहर को वह चक्की पर काम कर रहे थे। इस बीच उनका पैजामा चक्की के पट्टे में फंस गया। वह कुछ समझ पाते इससे पहले ही वह पट्टे में फंसते चले गए।
चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के कई लोग और परिवार वाले जमा हो गए। बमुश्किल अनुज को बचाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें परिवार वाले इलाज के लिए बरेली ले जा रहे थे कि रास्ते में ही दम तोड़ दिया। शव लेकर परिजन वापस आ गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जहानाबाद पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। उसके बाद शनिवार को शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर प्रभास चंद ने बताया कि हादसे की सूचना पर पुलिस भेजी गई थी। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। किसी तरह का कोई आरोप नहीं है।
खुशियां मातम में बदली, मची चीख पुकार
शुक्रवार दोपहर को हुए हादसे के बाद परिवार का खुशनुमा माहौल एक पल में मातम में तब्दील हो गया। अभी चार माह पहले ही मृतक को बेटे का जन्म हुआ था। जिसे लेकर परिवार में हर कोई खुश था। अचानक हुए हादसे में अनुज की मौत के बाद सभी का रोकर बुरा हाल रहा। वहीं, मासूम के सिर से पिता का साया उठ गया है।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: पुत्ररत्न प्राप्ति की खुशी में कराया अश्लील डांस, बालाओं के ठुमकों पर उड़ाए नोट, 17 लोगों पर FIR
