संभल: शोभायात्रा के दौरान रंग लगाने को लेकर हंगामा
दोनों समुदाय के लोगों ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए जमकर किया बवाल, पुलिस ने हंगामा कर रहे एक युवक को लिया हिरासत में
बहजोई के गांव नाधोश में विवाद के बाद ग्रामीणों को समझाते सीओ डा. प्रदीप कुमार सिंह ।
बहजोई(संभल), अमृत विचार। बहजोई थाना इलाके के गांव में शोभायात्रा निकालने के दौरान दूसरे समुदाय के युवक को रंग लगाने को लेकर हुए विवाद में दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। जमकर हंगामे के बीच टकराव की स्थिति बन गई। पुलिस ने मामला शांत कराया। मौके से पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
गांव नाधोश में हिंदू समुदाय द्वारा प्रभात फेरी के समापन पर भगवान शिव की शोभायात्रा निकाली जा रही थी। लोग डीजे की धुन पर रंग उड़ाते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा जैसे ही मुस्लिम आबादी में पहुंची तो आरोप है कि मुस्लिम पक्ष का एक युवक शोभायात्रा में शामिल हो गया। हिंदू समुदाय के युवक ने उस पर रंग लगाने की कोशिश की तो दोनों में विवाद हो गया। गाली-गलौज के बाद दोनों ही समुदाय के लोग आक्रोशित हो गये। विवाद बढ़ा तो स्थिति टकराव तक पहुंच गई। सूचना पर सीओ बहजोई डॉ. प्रदीप कुमार सिंह, एसएसआई अजीत सिंह व धनारी थाना अध्यक्ष ललित शर्मा सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। टकराव कर रहे ग्रामीणों को पुलिस ने शांत कराया।
सीओ ने बैठक कर बनवाई सहमति
बहजोई। विवाद के बाद मौके पर पहुंचे सीओ डा. प्रदीप कुमार सिंह ने दोनों पक्षों को शांत कराते हुए दोनों समुदाय के लोगों के साथ पंचायत की। जिसमें गांव में शांति बनाए रखने को लेकर सहमति बनी। तय हुआ कि कोई भी पक्ष ऐसा कोई काम नहीं करेगा जिससे गांव का माहौल खराब हो। अब गांव में शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस बल तैनात किया गया है। एसएसआई अजीत सिंह ने बताया कि मनीष नाम के युवक को हिरासत में लेकर चालान किया गया है।
ये भी पढ़ें:- संभल: गृह कलेश में युवक ने खुद को गोली मारी
