मथुरा: पति की हो गई सगाई...विवाह रोकने को दर-दर ठोकर खा रही विवाहिता, जानिए पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मथुरा, अमृत विचार। योगी राज में भले ही महिलाओं पर होने वाले अत्याचार कम होने की बात कही जा रही हो, लेकिन वास्तविकता इसके एकदम उलट है। जाति से दलित होने के बाद भी एक विवाहिता अपने पति की शादी रुकवाने के लिए पिछले दर दर की ठोकर खा रही है। वह आईजी से लेकर एसएसपी तक से मिल चुकी है, लेकिन पुलिस उसकी सुनवाई नहीं कर रही है। पुलिस की हीला-हवेली के चलते ही शनिवार को महिला के पति की लग्न और सगाई की रश्म भी हो गई। विवाहिता और उसका पिता पूरे दिन थाने पर बैठा रहा, लेकिन पुलिस ने उसकी मदद नहीं की।

फरह थाना क्षेत्र के गांव गड़ाया लतीफपुर निवासी गीता की हाइवे थाना क्षेत्र के गांव तारसी निवासी अजय पुत्र मनीराम के साथ 2013 में शादी हुई थी। शादी के कुछ समय बाद उनके एक बेटा भी हुआ। शादी के छह साल बाद अजय की संदिग्ध हालत में मौत गई। इसके बाद गीता का विवाह उसके देवर विकास के साथ करा दिया।

विवाहिता के अनुसार विकास के साथ वह दो साल तक रही। इसके बाद विकास और उसके परिजन दहेज के लिए परेशान करने लगे। मारपीट होने लगी तो वह अपने बेटे को लेकर अपने पिता के पास आकर रहने लगी। विवाहिता की माने तो उसके ससुरालिया उसके पति विकास का दूसरा विवाह करना चाहते हैं।

इसकी जानकारी उसे लगी तो वह आगरा आईजी से मिली। इसके बाद एसएसपी कार्यालय में भी अपनी शिकायत दी, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। विवाहिता के अनुसार चार फरवरी को उसके पति विकास की लग्न एवं सगाई की सूचना उसे मिली। वह थाना हाइवे पहुंची और थाना प्रभारी निरीक्षक को पूरी बात बताई।

आरोप है कि थाना प्रभारी निरीक्षक ने उसकी एक न सुनी और उसे थाने से फटकार कर भगा दिया। महिला का आरोप है कि उसके पहले पति की हत्या भी ससुरालियों ने की है, इसकी उसने रिपोर्ट भी दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने उस मामले में एफआर लगा दी।

पीड़िता ने एसएसपी से अपने पति की दूसरी शादी रोकने की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी निरीक्षक छोटेलाल ने बताया कि पीड़ित महिला उससे मिली थी। महिला से उसकी दूसरी शादी के सबूत मांगे तो वह फोटो भी नहीं दिखा सकी। बिना किसी सबूत के कैसे किसी की शादी रोकी जा सकती है। महिला यदि अब भी उन्हें दूसरी शादी के सबूत उपलब्ध करा देगी तो उसके देवर का विवाह नहीं होने दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- मथुरा: पुलिस ने अंतरराज्यीय गोतस्कर को मुठभेड़ के बाद किया गिरफ्तार

संबंधित समाचार