लखनऊ : फर्जी दस्तावेज बनाकर जमीन के नाम पर ठगी करने वाला गिरफ्तार
अमृत विचार, लखनऊ। फर्जी दस्तावेज बनाकर जमीन खरीद-बिक्री के नाम पर कई लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले शातिर जालसाज को शनिवार को गोमती नगर विस्तार पुलिस ने गोमती नगर रेलवे स्टेशन के गेट नंबर–1 के सामने नवाबपुरवा चौराहा से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी बेलहा गांव में किराये के मकान में रहने वाला शिव कुमार यादव उर्फ गुलशन मूलरूप से बाराबंकी के देवा थानांतर्गत छोटी छेरिया गांव का रहने वाला है।
मामले की जानकारी देते हुए गोमती नगर विस्तार प्रभारी निरीक्षक विनय चतुर्वेदी ने बताया कि ठगी के मामले को लेकर नवंबर 2022 में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। जिसके आधार पर गुलशन के दो साथियों सन्तोष कुमार यादव व रंजीत कुमार यादव को गत 10 दिसंबर 2022 को ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इंस्पेक्टर विनय ने बताया कि गुलशन अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर एक ही भूखंड को कई लोगों बेचते थे और पैसे हड़प लेते थे।
खाने का ठेला लगाकर ग्राहकों को फंसाता था
इंस्पेक्टर विनय ने बताया कि गुलशन खाने-पीने का ठेला लगाता है। ठेले पर खाना खाने के लिए आने वाले ग्राहकों को ही वह जमीनों के बारे में बताकर अपने जाल में फंसाता था। गुलशन के खिलाफ गोमती नगर और गोमती नगर विस्तार में जालसाली के कुल तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : सरकार नई तकनीक से एथेनॉल बनाने में डेनमार्क से लेगी सहयोग
