बहराइच: ग्राम प्रधान ने साथियों के साथ मिलकर दुकानदार और उसके परिवार को लाठियों से पीटा, सात घायल
बहराइच, अमृत विचार। जनपद के जगतापुर गांव एक दुकान पर ग्राम प्रधान के भाई ट्रैक्टर में हवा भराने के लिए गए। दुकानदार ने टंकी में हवा न होने की बात कहकर इंकार कर दिया। इससे नाराज घात लगाए बैठे ग्राम प्रधान और उसके समर्थकों ने दुकानदार और उसके परिवार को लाठियों से पीटा। जिसमें वृद्ध और युवती समेत सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत 10 लोगों के विरुद्ध बलवा फैलाने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हुजूरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जगतापुर निवासी किशोरीलाल की किराना, होटल और वाहन रिपेयरिंग की दुकान चौराहे पर संचालित है। किशोरी लाल ने थाने में तहरीर देकर कहा है कि शनिवार को ग्राम प्रधान आलोक तिवारी के भाई संजय तिवारी ट्रैक्टर में हवा भरवाने के लिए आए। लेकिन टंकी में लीकेज होने से हवा न होने और हवा न भरने की असमर्थता जताई।

इस पर ग्राम प्रधान का भाई नाराज हो गया। उसने बवाल शुरू कर दिया। किशोरी लाल का कहना है कि पास के सरसो के खेत में घात लगाए बैठे ग्राम प्रधान आलोक तिवारी और उनके समर्थक आ धमके सभी ने लाठी डंडे से पिटाई शुरू कर दी।
परिवार का जो सदस्य बचाने आया। उसे भी जमकर पीटा। ग्राम प्रधान और दबंगों की पिटाई में किशोरी लाल (60), मोहन लाल गुप्ता (25), मनोज कुमार गुप्ता (20), यज्ञ राम (35) और बहन प्रियंका (18) समेत सात लोग घायल हो गए। ग्रामीणों के बीच बराव पर मामला शांत हुआ। घायल लोग थाने पहुंचे। पुलिस को तहरीर दी।
प्रभारी निरीक्षक मिथिलेश कुमार राय ने बताया कि किशोरीलाल की तहरीर पर ग्राम प्रधान आलोक तिवारी, संजय तिवारी, प्रभात,चंदू,राहुल, अन्नू, सुरेश यादव, मोनू, सोनू और महेश यादव के विरुद्ध बलवा फैलाने, धमकी देने समेत छह धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि परिवार को पूरी सुरक्षा उपलब्ध कराई जायेगी। गलत नहीं होने दिया जाएगा।
एक वर्ष पूर्व भी हुआ था विवाद
ग्राम प्रधान संजय तिवारी गांव निवासी किशोरी लाल की जमीन पर कब्जा करना चाहते थे। इसके लिए एक वर्ष चार फरवरी को भी जमकर मारपीट की थी। लेकिन जमीन पर कब्जा नहीं कर पाए थे। उसी मामले में आए दिन विवाद को अंजाम देते हैं।
यह भी पढ़ें:-Fatehpur News: फतेहपुर में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर कर हत्या, इलाके में सनसनी
