लखीमपुर-खीरी: जल्द ही पूरा करा लिया जाएगा मैलानी-पीलीभीत ब्राडगेज का कार्य- जीएम

Amrit Vichar Network
Published By Moazzam Beg
On

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। सोमवार को गोरखपुर रेलवे डिवीजन के जीएम ने लखीमपुर स्टेशन के कई पटलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को दिशा निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान पत्रकारों से रूबरू हुए जीएम चन्द्रवीर रमण ने कहा कि मैलानी पीलीभीत ब्राडगेज का कार्य जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। क्योंकि वन विभाग से एनओसी लेने में थोड़ी सी देरी हो रही है। निरीक्षण के दौरान जीएम ने ट्रेनों के ठहराव और विस्तार को लेकर भी आश्वासन दिया है।

ये भी पढे़ं- लखीमपुर-खीरी: सात जोन और 13 सेक्टरों में विभाजित किए गए 141 परीक्षा केन्द्र

सोमवार को अचानक जीएम का दौरा लगने के बाद रेलवे कर्मचारी तैयारियों में जुटे दिखाई दिये। इस दौरान जीआरपी के अलावा आरपीएफ के जवान मुस्तैदी के साथ डटे दिखायी दिये। करीब 12.35 अपनी स्पेशल ट्रेन से लखीमपुर पहुंचे रेलवे के जीएम चन्द्रवीर रमण ने प्लेटफार्म के कई पटलों का निरीक्षण किया। इस दौरान जीएम ने यात्री प्रतीक्षालय महिला और पुरूष के साथ ही पैनल रूम का मुआयना किया और अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद नार्थ ईस्ट रेल फैंस कमेटी के अलावा एक अन्य संगठन ने ज्ञापन सौंपाकर ट्रेनों के ठहराव और अन्य समस्याओं का मुददा उठाया जिस पर जीएम ने जल्द ही सुधार किये जाने का आश्वासन दिया।

 मैलानी से पीलीभीत के अधूरे ब्राडगेज के मसले पर बोलते हुए रमण ने कहा कि वन विभाग से एनओसी लेने में विलम्ब हुआ है। उम्मीद जतायी जा रही है कि आने वाले कुछ महीनों में अधूरा कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा। टिकट के रेट मामले में कहा कि रेट घटाने और बढ़ाने का निर्णय बोर्ड लेता है इसलिए इसमें कुछ नहीं कहा जा सकता। कहा कि ट्रेनों के ठहराव के कम समय को लेकर जल्द ही निर्णय लिया जा सकता है। यात्रियों को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। निरीक्षण के दौरान जीएम के अलावा पीसीई रंजन यादव, सीपीटीएम आलोक सिंह और डीआरएम आदित्य कुमार के साथ अन्य तमाम अधिकारी मौजूद रहे। 

जीएम के आने के बाद ही शुरू हुआ एलाउंसमेंट
ब्राडगेज का काम पूरा होने के बाद शुरू हुई ट्रेनों के आने जाने को लेकर एलाउंसमेंट नहीं किया जाता था। लेकिन सोमवार की सुबह प्लेटफार्म पर सभी तैयारियां मुकम्मल दिखाने को लेकर जब जीएम रेलवे का काफिला प्लेटफार्म पर मौजूद था, तभी कर्मचारी ने एलाउंसमेंट का कार्य शुरू किया जिस पर लोगों ने आपत्ति भी जताई। जीएम ने मामले को अपने स्तर से दिखवाने की बात कही है।

निरीक्षण के दौरान दो नंबर पर आयी पैसेंजर, यात्रियों को हुई परेशानी 
रेलवे के जीएम के निरीक्षण के दौरान आने वाली पैसेंजर ट्रेन को दो नम्बर पटरी पर आने के एलाउंसमेंट के बाद यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बताते हैं कि सूचना मिलने के बाद यात्री एक नम्बर से दो नम्बर प्लेटफार्म पर पहुंचने के लिए पटरी पार करने की जुगत में लग गये। इस दौरान बूढ़े और बच्चों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। 

जीएम की स्पेशल ट्रेन आने के बाद रोकी गयी पैसेंजर ट्रेन, सीनियर डीओम के आदेश के बाद दूसरे ट्रैक पर आयी ट्रेन 
दोपहर करीब 12.35 बजे लखीमपुर स्टेशन पर अपनी स्पेशल ट्रेन से पहुंचे जीएम रेलवे चन्द्रवीर रमण को लेकर 12.30 बजे आने वाली पैसेंजर ट्रेन को लखीमपुर प्लेटफार्म से पहले ही रोक दिया गया। हालांकि वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लखनऊ के मामला संज्ञान में आने के बाद उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगायी और तत्काल ट्रेन को रवाना करने का आदेश जारी किया। जिसके बाद दोपहर करीब 13.12 मिनट के आस पास ट्रेन लखीमपुर प्लेटफार्म पहुंची। 

रेलवे के जीएम चन्द्रवीर रमण के निरीक्षण के लिए प्लेटफार्म पहुंचे उसी समय पर पैसेंजर ट्रेन के भी आने का समय हो चुका था। लेकिन स्टेशन के कंट्रोलर ने अधिकारी को किसी भी तरह की कोई परेशानी न होने को लेकर ट्रेन को लखीमपुर से पहले की रोकवा दिया। बताते हैं कि समय हो जाने के बाद भी ट्रेन न आने की जानकारी जब वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लखनऊ को हुई तो उन्होंने स्टेशन मास्टर से इस बाबत जानकारी ली। बताया जाता है कि पैसेंजर ट्रेन को लखीमपुर प्लेटफार्म से पहले रोके जाने पर उन्होंने नाराजगी जतायी। इसके बाद उन्होंने तत्काल यात्रियों के हितों का संज्ञान लेते हुए पैसेंजर ट्रेन को रवाना करने की बात कही। जिसके बाद ट्रेन लखीमपुर प्लेटफार्म पहुंची।

ये भी पढे़ं- लखीमपुर खीरी: अतिक्रमण तोड़ने में व्यापारियों ने की ढिलाई, नगर पालिका ने चलाई जेसीबी 

 

संबंधित समाचार