बांदा : सपा-भाजपा का रामचरित मानस विरोध सिर्फ दिखावा
अमृत विचार,बांदा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने कहा है कि रामचरित मानस को लेकर सपा-भाजपा का विरोध महज दिखावा है। दोनों ही पार्टियां एक सिक्के की दो पहलू हैं। आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देश के टुकड़े-टुकड़े कर बेच रही है।
स्टेशन रोड अवस्थी धर्मशाला स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय के इंदिरा गांधी सभागार में सोमवार को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने वाले पद यात्रियों को सम्मानित करने यहां आए प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा और सपा पर जमकर निशाना साधा। रामचरित मानस के देश और प्रदेश में हो रहे विरोध को सपा-भाजपा का मिलाजुला खेल बताया।
कहा कि दोनों ही पार्टियां एक सिक्के के दो पहलू हैं। एक तरफ आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत कह रहे हैं कि जातियां हमने या ईश्वर ने नहीं बनाई हैं। ब्राह्मणों ने जातियां बनाई हैं। दूसरी तरफ सपा प्रमुख भी आरएसएस प्रमुख की बातों का समर्थन कर रहे हैं। बस देश और प्रदेश की जनता को दोनों ही दलों की मंशा को समझने की जरूरत है। प्रदेश अध्यक्ष ने राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली गई भारत जोड़ो यात्रा को पूरी तरह सफल बताया। कहा कि यात्रा खत्म होने के बाद भी भाजपाइयों की हवाइयां उड़ी हैं। यात्रा को लेकर गांव-गांव तक चर्चा हो रही है। बौखलाहट के चलते राष्ट्रीय नेता के विरुद्ध भाजपा अर्नगल बयानबाजी कर रही है। राहुल गांधी का नाम सुनते ही भाजपाइयों का तनाव तेजी से बढ़ जाता है।
उद्योगपति गौतम अडानी के पूछे गए सवाल पर प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि अडानी और अंबानी की आड़ में भाजपा का खेल है। आरोप लगाया कि दोनों उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री ने बैंकों के ताले खुलवा दिये। आम आदमी को कर्ज लेना हो तो तमाम औपचारिकताएं बताई जाती हैं। लेकिन अंबानी को कर्ज देना हो तो रात दो बजे बैंक खुल जाता है। देश और प्रदेश की जनता का पूरा पैसा पीएम ने अंबानी को सौंप दिया।
यह देश की जनता के साथ सरासर गद्दारी है। दावा किया कि 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के बाद केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनेगी। चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी भाजपा को महंगाई, बेरोजगारी, बैंक घोटालों समेत हरेक मोर्चे पर घेरेगी। कांग्रेस का हर कार्यकर्ता गांव-गांव और गली-गली घूम कर भाजपा सरकारों की नाकामी को उजागर करेगा। इस मौके पर प्रांतीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, अनिल यादव, जिलाध्यक्ष प्रद्युम्न दुबे लालू आदि उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : 'ढोंग' में दिखी शादियों को लेकर पिता की दोहरी सोच
