कासगंज: बेसिक शिक्षा में पुरानी पेंशन बहाली पर कोई विचार नहीं- शिक्षा मंत्री
प्रदेश में अंतर्जनपदीय स्थानांतरण प्रक्रिया भी अभी नहीं होगी शुरू, वर्षों से रिक्त पड़े नगर क्षेत्र के स्कूलों में भी तैनात होंगे शिक्षक
कासगंज, अमृत विचार। पुरानी पेंशन बहाली के लिए प्रदेशभर में चल रही शिक्षकों की मांग पर सरकार अभी कोई विचार नहीं कर रही। प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार संदीप सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि पुरानी पेंशन बहाली पर कोई विचार नहीं किया जा रहा है। इसके अलावा एक जिले से दूसरे जिले में शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया भी फिलहाल शुरू नहीं होगी। राज्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां भी गिनाई है।
सोरों रोड स्थित होटल हेवन एलेवन में राज्यमंत्री ने पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेहतर विकास की मजबूत नींव रखी जा चुकी है और चौतरफा विकास हो रहा है। पूछे गए प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पुरानी पेंशन व्यवस्था समाप्त हो चुकी है और नई पेंशन व्यवस्था लागू है। पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली के लिए कोई भी विचार नहीं है क्योंकि नई पेंशन व्यवस्था में शिक्षकों को लाभ दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अन्तः जनपदीय स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जबकि अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की प्रक्रिया पर अभी विचार नहीं है। अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में शिक्षकों की कमी दूर हो सकेगी। अन्तः जनपदीय प्रक्रिया शुरू हुई है। उसके तहत शिक्षकों का स्थानांतरण होगा और वर्षों से नगर क्षेत्र के स्कूलों में पद रिक्त पड़े हैं उन्हें भरा जाएगा।
शिक्षा मंत्री से पूछा गया कि कासगंज में रोडवेज के व्हाट्सएप का निर्माण रुका हुआ है। कार्यदाई संस्था ने अनियमितता की। उसके बाद शासन स्तर से आखिरी किस्त रुकी हुई है। इस प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। उसमें इस पर चर्चा करेंगे। अनियमितता करने वाला जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई होगी।
ये भी पढ़ें- कासगंज: भंडारा खाने से बिगड़ी हालत, बालक की मौत, कई बीमार
