Fatehpur News : पांच दिन से लापता मछुवारे का मिला शव, हत्या कर फेंके जाने की आशंका
Fatehpur News पांच दिन से लापता मछुआरे का मिला शव।
Fatehpur News यमुना नदी में मछली का शिकार करने के लिए निकले मछुआरे का पांच दिन बाद शव मिला। परिजनों ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई।
फतेहपुर, अमृत विचार। यमुना नदी में मछली का शिकार करने के लिए निकले मछुआरे का शव 5 दिनों बाद किशनपुर के नरौली घाट के पास से ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने बरामद किया। मछुआरे का शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन हत्या कर शव फेके जाने की आशंका जता रहे है पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की है।
बांदा जनपद के कमासिन थाना क्षेत्र के नंदूपुर मजरे अमेढ़ी गांव निवासी मछुवारा रामबरन निषाद (45) पांच दिन पहले बीते बुधवार 2 फरवरी को हर रोज की तरह अपने घर से यमुना नदी में नाव लेकर मछली के शिकार को गया था। पूरे दिन शिकार के बाद जब रात तक अपने घर नही लौटा तो परिजनो ने खोजबीन शुरू किया और कमासिन थाने के साथ साथ किशनपुर थाने में भी लापता होने की सूचना दिया था।
बीते 3 फरवरी को मछुवारे के परिजनों को उसके कपडे घाट किनारे पड़े मिले कुछ दूर उसकी नाव पलटी मिली। तब लापता मछुवारे के बेटे अजय कुमार निषाद ने कमासिन थाने में गांव के ही रामप्रकाश, राजा और राजेंद्र ज्ञानी के खिलाफ रामबरन को गायब कर देने की तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करा दिया था। परिजन खोजबीन में भी जुटे मंगलवार को सुबह मछुवारे रामबरन निषाद का शव नदी में उतराता हुआ ग्रामीणों को दिखाई दिया।
सूचना पर पहुची पुलिस ने स्थानीय मछुवारों की मदद से शव को नदी के बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मछुवारे रामबरन निषाद का शव मिलने से मृतक की पत्नी लीलावती का रोरोकर बुरा हाल है।मृतक के तीन बेटे चंद्रभान निषाद,अजय निषाद और नरेंद्र निषाद हैं। खागा सीओ संजय सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
