मुरादाबाद : रेलवे के दावे हवाई, ट्रेनों के संचालन में कोई सुधार नहीं, यात्रियों की परेशानी बढ़ी
कोहरे का असर कम होने के बाद भी विलंब से चल रही ट्रेनें, रेलवे का सुधार का दावा
मुरादाबाद,अमृत विचार। मंडल में रेल यात्री ट्रेनों की लेटलतीफी की दोहरी मार झेल रहे हैं। कोहरा के कारण ट्रेनों को निर्धारित गति से चलाया नहीं जा रहा है। जबकि गुड्स ट्रेनों का दबाव यात्री ट्रेनों के संचालन पर लंबे समय से प्रभावी है। रेल प्रबंधन यात्री ट्रेनों के विलंब के सवाल को कोहरा का हवाला देकर हल करने में जुटा है। उधर, विभाग के जानकार रेल प्रबंधन के प्रयासों को कमतर आंक रहे हैं।
विभाग के दावों के बाद भी ट्रेनों की समयबद्ध संचालन नहीं हो पा रहा है। यात्री कम दूरी की ट्रेनों में यात्रा के दौरान दो से तीन घंटे अतरिक्त सफर को बाध्य हैं। बुधवार को दून एक्सप्रेस व श्रमजीवी सुपरफास्ट ट्रेन समेत 10 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से दो से तीन घंटे तक देरी से पहुंचीं। उधर, दिसंबर व जनवरी महीने में कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार पर प्रतिकूल असर दिखाया था। तब रेलवे के अधिकारियों का दावा था कि कोहरा खत्म होते ही ट्रेनों के संचालन में सुधार आ जाएगा। लेकिन, अभी दावा फेल साबित हो रहा है। कोहरा लगभग खत्म हो चुका है, लेकिन ट्रेनों के संचालन में अभी भी कोई सुधार नहीं आया है। जबकि दैनिक यात्रियों का कहना है कि ट्रेनों को रास्ते में रोककर खड़ा कर दिया जाता है। जिसके कारण ट्रेनें लेट हो रही हैं। डीआरएम अजय नंदन का कहना है कि अभी कुछ स्टेशनों पर कोहरा है। इसके अलावा ट्रेनों की देरी से चलने में तकनीकी करण भी होते हैं। उनका कहना है कि जल्द ही ट्रेनों के समय में सुधार कर
लिया जाएगा।
एक-एक अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा
मुरादाबाद। सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह ने बताया कि जनशताब्दी एक्सप्रेस 12053-54 में चेयरकार और बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस 14307-08 में स्लीपर कोच लगेंगे। जनशताब्दी और बरेली-प्रयागराज में एक-एक अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा।
बरहिया स्टेशन पर होगा बाघ एक्सप्रेस का ठहराव
रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा को देखते हुए बरहिया स्टेशन पर बाघ एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव का निर्णय लिया है। सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह ने बताया कि गुरुवार नौ फरवरी से ट्रेन संख्या 13020 काठगोदाम-हावड़ा बाघ एक्सप्रेस का अस्थाई रूप से छह महीने के लिए बरहिया स्टेशन पर दो मिनट का किया गया है।

एक मार्च से चलेंगी कोहरे में रद ट्रेनें
16 दिसंबर से 28 फरवरी तक के लिए रेल मंडल से गुजरने वाली 30 ट्रेनों को निरस्त कर दिया था। यह सभी ट्रेनें एक मार्च से बहाल की जानी हैं। रेल प्रशासन का कहना है कि निरस्त की गई ट्रेनें मुख्यालय के आदेश पर एक मार्च से संचालित की जाएंगी।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : सेल्समैन की हत्या कर लूटे 50,000 रुपये, हत्यारोपी आटो चालक गिरफ्तार
