Chitrakoot: जिले में पर्यटन उद्योग की अपार संभावनाएं, भजन संध्या में लगा जनपदस्तरीय निवेश कुंभ
चित्रकूट में पर्यटन उद्योग की अपार संभावनाएं।
चित्रकूट में जिलाधिकारी अभिषेक आनंद ने कहा कि जिले में पर्यटन उद्योग की अपार संभावनाएं। सीतापुर में आयोजित जनपदस्तरीय निवेश कुंभ में आशा जताई।
चित्रकूट, अमृत विचार। जिलाधिकारी अभिषेक आनंद ने कहा है कि जिले में पर्यटन सहित अन्य उद्योगों के लिए अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने शुक्रवार को भजन संध्या भवन सीतापुर में आयोजित जनपदस्तरीय निवेश कुंभ में आशा जताई कि जिस तरह जिले में 184 उद्यमियों ने उद्योग लगाने के प्रस्ताव दिए हैं, उनसे लगभग 76145 रोजगार सृजन की संभावना है।
इस मौके पर वहां लगी एलईडी स्क्रीन से लखनऊ में हो रहे ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। डीएम के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव व भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे ने दीप प्रज्ज्वलन से निवेश कुंभ की शुरुआत की। इस दौरान जिले के उद्यमियों का स्वागत किया गया। डीएम ने कहा कि यहां धार्मिक स्थलों का विकास हो रहा है। साथ ही ईको टूरिज्म से संबंधित शबरी वाटरफॉल, रानीपुर टाइगर रिजर्व भी विकसित हो रहे हैं।
प्रदेश सरकार ने कुछ समय पहले ही रानीपुर टाइगर रिजर्व की स्वीकृति भी दी है। यहां पर होटल रिसोर्ट आदि की संभावनाएं भी हैं। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 184 उद्यमियों ने लगभग 34640 करोड़ के ऑनलाइन एमओयू हस्ताक्षरित किए, जिससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष लगभग 76145 रोजगार सृजन होने की संभावना है। बताया कि बुंदेलखंड क्षेत्र से उद्योग के लिए साढ़े चार लाख करोड़ प्रस्ताव मिले हैं। डीएम ने एक जनपद एक उत्पाद के स्टॉल को देखा।
निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए निवर्तमान पालिकाध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता जिला पर्यटन अधिकारी अनुपम श्रीवास्तव, अजय कुमार श्रीवास्तव उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र एसके केशरवानी को सम्मानित कर प्रमाणपत्र दिए। इस अवसर पर भाजपा नेता पंकज अग्रवाल, शक्ति प्रताप सिंह तोमर, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष ओम केशरवानी, डीडीओ राजकुमार त्रिपाठी, उप निदेशक कृषि राजकुमार, डीपीआरओ कुमार अमरेंद्र, बीएसए लव प्रकाश यादव, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी राजेंद्र कुमार, अग्रणी जिला प्रबंधक इंडियन बैंक दीपक कुमार, अधिशासी अधिकारी लालजी यादव आदि मौजूद रहे।
इऩ कंपनियों ने जताई निवेश की इच्छा
डीएम ने बताया कि जिले में जिन कंपनियों ने निवेश करने की इच्छा जताई है, उनमें सनातन धर्म होली सिटी दो हजार करोड़ हाउसिंग एंड टाउनशिप सेक्टर में, टुस्को लिमिटेड 4700 करोड़ सोलर एनर्जी सेक्टर में, मार्बल रॉक्स वीसीसी फंड सिंगापुर 54 सौ करोड़ इलेक्ट्रॉनिक माइक्रोचिप सेक्टर में, एसजेवीएन ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड 2000 करोड़ सोलर एनर्जी सेक्टर में वरुण बेवरेज लिमिटेड 496 करोड़ पेय पदार्थ सेक्टर में, एमवीएम मोटर 25 करोड़ ई-रिक्शा सीएलसी ब्रिक्स एवं बायोकोल सेक्टर में, श्याम कृपा गौधन समिति 25 करोड़ बायो सीएनजी सेक्टर में हैं।
