रामपुर: इन्वेस्टर्स समिट के लिए 7000 करोड़ रुपये के आए निवेश प्रस्ताव
विकास भवन में सुबह 10 बजे से शुरू हुआ लाइव प्रसारण, सुरक्षा के लिहाज से चप्पे-चप्पे पर तैनात रहा पुलिस बल
रामपुर, अमृत विचार। जनपद स्तर पर उद्योग लगाए जाने के लिए शुक्रवार को निवेश सारथी पोर्टल पर उपलब्ध डाटा के अनुसार करीब 7000 करोड़ के इन्टेंट-एमओयू साइन कराए जा चुके हैं। जिले में कृषि आधारित उद्योग खाद्य प्रसंस्करण, प्लाईवुड, मैंथा, जरी पैचवर्क, एप्लिक वर्क, डिस्टलरी, एथोनॉल आदि के उद्योग लगाए जाने की संभावनाएं हैं। मुख्य विकास अधिकारी डा. नंद किशोर कलाल ने कहा कि जिले में देश एवं प्रदेश के कोने-कोने से जितने भी निवेशक निवेश करने के लिए इच्छुक हैं उनको प्रशासन स्तर से जितनी सुविधाएं चाहिए उसके लिए हम तैयार हैं।
विकास भवन में शुक्रवार की सुबह 10 बजे से जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र के माध्यम से ग्लोबल इनवेस्टर समिट के तहत जनपद स्तरीय निवेश कुंभ का आयोजन हुआ। जबकि, लखनऊ में हो रही ग्लोबल इनवेस्टर समिट के उदघाटन समारोह का सीधा प्रसारण दिखाया गया। लखनऊ में हो रही इनवेस्टर समिट का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उदघाटन किया और इस मौके पर करीब 10 हजार से अधिक डेलीगेट मौजूद रहे। समिट 10 से 12 फरवरी तक होगी।
जिला स्तर पर आयोजित निवेश कुंभ में शहर विधायक आकाश सक्सेना, ब्लॉक प्रमुख पति जगपाल सिंह यादव पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी डा. नंद किशोर कलाल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व हेम सिंह, उपायुक्त उद्योग मुकेश कुमार, इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन रामपुर चैप्टर के अध्यक्ष विपिन गुप्ता, सचिव श्रीष गुप्ता समेत काफी अधिकारी एवं 200 निवेशकों और उद्यमी मौजूद रहे।
इससे पहले दी जाने वाली सुविधाओं के परिपेक्ष्य में प्रदेश सरकार द्वारा जारी की गई 20 से अधिक नीतियों का संकलन पालिसी हाईलाइट्स एवं डेस्टीशिनेशन इन्वेस्ट यूपी की स्मारिका सभी निवेशकों और उद्यमियों को वितरित की गई।
उद्यमियों के अनुकूल है रामपुर की कानून व्यवस्था : एसपी
विकास भवन में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ला ने कहा कि उद्यमियों को बेहतर लॉ एंड आर्डर के साथ-साथ भय मुक्त माहौल उपलब्ध काया जा रहा है। कहा कि जनपद रामपुर की कानून व्यवस्था बहुत अच्छी है। उद्यमियों एवं निवेशकों को कानून के स्तर से जो भी सहयोग अपेक्षित होगा, उसकी शत-प्रतिशत पूर्ति कराई जाएगी।
प्रशासन को सरकार का मिलेगा पूरा सहयोग : आकाश
जिला स्तरीय निवेश कुंभ को संबोधित करते हुए शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि रामपुर में औद्योगिक विकास के लिए 7000 करोड़ का जो इन्वेस्ट होने जा रहा है वह एक विशाल धनराशि है। इससे पहले इस तरह का इनवेस्ट पहले कभी नहीं हुआ है। शहर विधायक ने कहा कि हम प्रशासन के साथ हैं सरकार से जो भी सहयोग होगा उसे पूरा करने के लिए पूरा सहयोग किया जाएगा।
उद्यमियों को हर सुविधा देगा प्रशासन : सीडीओ
उद्यमियों और निवेशकों को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी डा. नंद किशोर कलाल ने कहा कि जनपद स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा आदि सभी क्षेत्रों में निरंतर आगे बढ़ रहा है। रामपुर में देश एवं प्रदेश के कोने-कोने से जितने भी निवेशक निवेश करने के इच्छुक हैं हम उनके इस्तकबाल के लिए तैयार हैं। निवेशकों को जितनी भी सुविधाएं प्रशासन स्तर से मांगी जाएंगी वे मुहैया कराई जाएंगी। उद्योग स्थापित करने में कोई परेशानी नहीं हो इसके लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समय-समय पर बैठक कर समीक्षा की जा रही है।
रामपुर में 7000 करोड़ रुपये का एमओयू हो चुका है। जिसको धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा। उ.प्र. ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के आखिरी दिन 12 फरवरी को जिला स्तर पर उद्योग बंधु की बैठक कराई जाएगी।
मुकेश कुमार, उपायुक्त उद्योग
युवा उद्योगों की स्थापना करें फोकस : श्रीष
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के सचिव श्रीष गुप्ता ने कहा कि रामपुर के युवा, महिला, उधमी नए प्रकार के उद्योगों की स्थापना को फोकस करें। इस समय उनके लिए स्वर्णिम अवसर है उत्तम वातावरण ,भयमुक्त माहौल है और युवा नौकरी मांगने के बजाय उद्योग लगाकर नौकरी देने की तरफ ध्यान दे। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश प्रथम पायदान पर आ गया है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार जीन जान से प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए समर्पित हो चुकी है।
औद्योगिक विकास के लिए सरकार द्वारा नई उद्योग नीति की घोषण की जा चुकी है। इसमें उद्योगों की स्थापना के लिए तमाम सहूलियतें दी जा रही हैं। प्रशासन और उद्योग विभाग पूरी तरह सहयोग के लिए तैयार है। रामपुर के जनप्रतिनिधि भी इसमें सहयोग कर रहे हैं। आईआईए रामपुर चैप्टर भी उद्योगों की स्थापना के लिए आ रही किसी भी अड़चन को दूर करने के लिए तैयार है। प्रदेश में पूर्ण सुरक्षा एवं राजनीतिक स्थिरता एवं विश्वसनीयता का माहौल है।
रामपुर ने अपने लक्ष्य 1000 करोड़ के सापेक्ष 7000 करोड़ के लगभग सात गुना एमओयू हस्ताक्षरित हुए हैं। उ.प्र. ग्लोबल इन्वेस्टर समिट लखनऊ में काफी उद्योगपतियों ने सहभागिता की और शुक्रवार को विकास भवन में बड़ी संख्या में उद्योगपति वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में शामिल हुए।
कहा कि रामपुर के नए उद्योगपति आगे आएं और नए उद्योगों की स्थापना करें। पुराने उद्योगपति अपने उद्योगों का विस्तार करें। ताकि रामपुर के लोगों को बड़े स्तर पर रोजगार देने का कार्य करें एवं रामपुर को इसके पुराने स्वरूप उद्योग नगरी के रूप में प्रति स्थापित करें। समिट में चेयरमैन विपिन गुप्ता, मनोज गर्ग, दीपक गोयल, प्रदीप गुप्ता,विनीत गुप्ता, मनोज गुप्ता, नवनीत गुप्ता, हरजिंदर सिंह, अरविंद पांडेय, सोमेश अग्रवाल आदि शामिल हुए।
गायवाला आयुर्वेदा को मिला लखनऊ इन्वेस्टर समिट में स्थान
अपने जिले की गायवाला आयुर्वेदा को लखनऊ में हो रही उ.प्र. ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के स्टार्टअप में स्थान मिला है। स्टार्टअप की डायरेक्टर गीतिका गुप्ता और फाउंडर प्रांजल का कहना है कि स्टार्टअप समिट में आमंत्रण मिलना उनके लिए बेहद ही खुशी की बात है। हमारे उत्पादों की धमक दूर-दूर तक पहुंच रही है।
बताया कि टीम गायवाला वैसे तो काफी लंबे समय से गाय के गोबर और पंचगव्य से उत्पाद बना रही है। लेकिन जबसे योगी सरकार आई है इन सभी उत्पादों को काफी बल मिला है। हमारी टीम की महिलाओं ने स्टार्टअप समिट में गाय के गोबर से बना केदारनाथ मंदिर का प्रोटोटाइप , प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की नेम प्लेट को भी प्रदर्शित किया है। स्टार्टअप के सलाहकार सीए सजल अग्रवाल का कहना है कि रामपुर के इस स्टार्टअप को कई इन्वेस्टर ने एप्रोच किया है।
यह भी पढ़ें- रामपुर: फुकी बन्दूकों, छुटे कारतूसों से कांग्रेस खेल रही हिट एण्ड रन का खेल- नकवी
