Banda Murder : गला घोंटकर हत्या करने के बाद युवती का फेंका शव, परिजनों ने दुष्कर्म की जताई आशंका
Banda Murder बांदा में युवती की हत्या कर फेंका शव।
Banda Murder बांदा के पैलानी थाना क्षेत्र में गला घोंटकर युवती की हत्या करने के बाद हत्यारों ने शव फेंक दिया। परिजनों ने दुष्कर्म की आशंका जताई।
बांदा, अमृत विचार। पैलानी थाना क्षेत्र में खेत में एक युवती का शव पड़ा ग्रामीणों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को कब्जे में ले लिया। मृतका के दोनों हाथ बंधे थे। परिजनों का कहना है कि दुष्कर्म के बाद उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई। हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
तिंदवारी थाना क्षेत्र के बछेउरा गांव में शुक्रवार की दोपहर घर से 500 मीटर दूर स्थित रामविशाल प्रजापति के मटर के खेत में एक 35 वर्षीय युवती का शव पड़ा ग्रामीणों ने देखा तो घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक अभिनंदन, अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र, सीओ सिटी अंबुजा त्रिवेदी, थानाध्यक्ष नरेंद्र प्रताप सिंह मौके पर पहुंच गए। फोरेंसिक टीम और डाग एस्कवायड ने भी मामले की जांच पड़ताल की।
मौके पर पहुंची सास रामप्यारी ने शव की शिनाख्त अपनी बहू सुशीला पत्नी जयकुमार निवासी बछेउरा के रूप में की। मृतका के चचेरे देवर रामबिहारी ने बताया कि जयकुमार दो भाई हैं। दोनो अलग-अलग रहते हैं। जयकुमार चार माह पहले अहमदाबाद कमाई करने चला गया था। सास रामप्यारी ने बताया कि सुशीला बुधवार की शाम शौच करने की बात कहकर खेतों की तरफ गई थी। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटी तो उसकी खोजबीन की गई। लेकिन पता नहीं चला।
शुक्रवार को घर से 500 मीटर दूर स्थित खेत में उसका शव पड़ा पाया गया। मृतका के तीन बेटी लक्ष्मी, अंजली, सुमन हैं। चचेरे देवेर रामबिहारी ने बताया कि डाग एस्कवायड की जांच पड़ताल में सुशीला का माला रामकिशोर के खेत में पड़ा पाया गया। माले में पड़ी सोने की थपिया गायब थी। उसका आरोप है कि दुष्कर्म करने के बाद सुशीला के दोनो हाथ बांध दिए गए। उसके बाद उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इस संबंध में एसपी अभिनंदन ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जायेगा।
