Global Investors Summit में निवेश के महाकुंभ में Kanpur नंबर वन, 85 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में निवेश के महाकुंभ में कानपुर नंबर वन पर।
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में निवेश के महाकुंभ में कानपुर नंबर वन पर। 85 हजार करोड़ निवेश के एमओयू के साथ सबसे बड़े निवेशक के रूप में नाम दर्ज कराया। शहरी विकास, ऊर्जा, लघु और सूक्ष्म उद्योग में भारी भरकम निवेश से शहर की तस्वीर बदल सकती।
कानपुर, अमृत विचार। राजधानी में हो रही ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में सबसे बड़े निवेश के साथ कानपुर पहली पायदान पर नजर आया। दावा किया जा रहा है कि कानपुर ने नंबर –वन निवेशक के रूप में अपना नाम दर्ज कराया है। करीब 85 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश शहर में होगा। इसमें सर्वाधिक निवेश के एमओयू जिन क्षेत्रों में हुए हैं, उनमें ऊर्जा, रियल इस्टेट, कृषि और पशुपालन, केमिकल तथा डेयरी सेक्टर प्रमुख है।
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का शुक्रवार को लखनऊ में उद्घाटन हुआ। पहले दिन के कार्यक्रम का चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कैलाश भवन सभागार में सीधा प्रसारण कराया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधन सभी ने गंभीरता से सुना। दावा है कि इस महाकुंभ में बड़े निवेश के साथ कानपुर सबसे आगे है। यहां 85 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। सबसे ज्यादा करार रियल इस्टेट, ऊर्जा, डेयरी, पशुपालन, केमिकल, लेदर क्षेत्र में हुए हैं। इसमें भी अर्बन डेवलपमेंट में सबसे ज्यादा निवेश हुआ है।
उपायुक्त उद्योग के अनुसार कृषि विभाग में 108 करोड़, पशु पालन में 81.7 करोड़, डेयरी में 628 करोड़, मेडिकल विभाग में 878 करोड़, अतिरिक्त ऊर्जा विभाग में 16,450 करोड़, कॉरपोरेट में 1.5 करोड़, ऊर्जा विभाग में 3,500 करोड़, एक्साइज विभाग में 50 करोड़, एमएसएमई और निर्यात प्रोत्साहन में 9,229.91 करोड़, हैंडलूम और टेक्सटाइल विभाग में 584.51 करोड़, आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में 3825 करोड़, उप्र स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलेपमेंट अथारिटी में 13,299 करोड़ और अर्बन डेवलेपमेंट में 17,253 करोड़ रुपये का भारी भरकम निवेश किया जाएगा।
16 कारोबारी हुए सम्मानित
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट कार्यक्रम में 100 करोड से अधिक का निवेश करने वाले दो निवेशक जयंत कुमार कनोडिया व कार्तिक कपूर एवं निवेशकों को प्रोत्साहित करते हुए एसोसिएशन के 16 पदाधिकारियों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इससे पहले जिला स्तरीय इन्वेस्टर्स समिट में 30 निवेशकों को सम्मानित किया गया था।
जन प्रतिनिधियों संग पहुंचे कारोबारी
सीएसए विवि सभागार में आयोजित सीधे प्रसारण के कार्यक्रम में विधायक अभिजीत सिंह सांगा, सलिल विश्नोई, नीलिमा कटियार, सरोज कुरील, अरुण पाठक, महेश त्रिवेदी, सुरेंद्र मैथानी, मोहित सोनकर के साथ काफी संख्या में कारोबारी भी पहुंचे। इसके अलावा मंडलायुक्त डॉ. राजशेखर, जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर, पुलिस आयुक्त बीपी जोगदंड, जेसीपी आनंद कुलकर्णी, नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन, एडीएम नगर अतुल कुमार, एडीएम वित्त राजेश कुमार, संयुक्त आयुक्त उद्योग सर्वेश्वर शुक्ला आदि मौजूद रहे।
15 दिन में 15 हजार करोड़ का करार
प्रदेश की आर्थिक राजधानी में निवेश को लेकर कारोबारी तेजी से आगे आ रहे हैं। जिला स्तरीय इन्वेस्टर्स समिट के बाद प्रतिदिन एक हजार करोड़ के निवेश के करार किए गए हैं। उपायुक्त उद्योग सुधीर श्रीवास्तव के अनुसार 22 जनवरी को इन्वेस्टर्स समिट कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसमें 70 हजार करोड़ के निवेश पर साइन हुए थे। उसके बाद 15 दिन में 15 हजार करोड़ और निवेश पर हस्ताक्षर हुए हैं, इस तरह कुल निवेश का आंकड़ा 85 हजार करोड़ हो चुका है।
कहां कितना निवेश
विभाग - निवेश (करोड़ में)
हाउसिंग – 6151
यूपीसीडा – 4003
आईटी व इलेक्ट्रॉनिक्स – 3825
स्वास्थ्य – 3408
टूरिज्म - 1800
उच्च शिक्षा – 681
हार्टीकल्चर - 650
फूड और सिविल सप्लाई – 150
तकनीक शिक्षण संस्थान – 141
फूड सेफ्टी और ड्रग प्रशासन – 126
वन विभाग – 53
वोकेशनल एजुकेशन एंड स्क्लि डेवलेपमेंट – 10
