UPGIS-2023: निवेश के लिये यूपी सबसे अनुकूल और सुरक्षित राज्य, इंवेस्टर्स समिट में बोले सीएम योगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। निवेश के लिये उत्तर प्रदेश को सबसे अनुकूल और सुरक्षित राज्य करार देते हुये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निवेशकों से अपील की कि यूपी में निवेश का भारत की अर्थव्यवस्था की गति को तेज करने के समान होगा। ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट (UPGIS-2023) में पार्टनर कंट्री के तौर पर जुड़े नीदरलैंड के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करते हुये सीएम योगी ने शनिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश का मतलब भारत की अर्थव्यवस्था को तेज करना है।

नीदरलैंड के उच्चायुक्त मार्टिन वेन डेन बर्ग के नेतृत्व में आए डच प्रतिनिधिमंडल के प्रति आभार जताते हुये सीएम योगी ने कहा कि नीदरलैंड के जुड़ने से हमारी सहभागिता और मजबूत होगी। इससे उत्तर प्रदेश की अर्थव्यस्था आगे बढ़ेगी। उन्होंने उत्तर प्रदेश में व्याप्त असीम संभावनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि हमारे पास देश की 11 प्रतिशत भूमि है, लेकिन हम भारत के बीस प्रतिशत खाद्यान्न का उत्पादन करते हैं।

फूड प्रोसेसिंग में उत्तर प्रदेश निवेश का सबसे अच्छा केंद्र है। उन्होंने कहा कि हमने प्रदेश में कृषि के क्षेत्र में 23 लाख हेक्टेयर भूमि की अतिरिक्त सिंचन क्षमता को बढ़ाया है। गन्ना, आलू और दुग्ध के उत्पादन में देश में नंबर एक हैं। बेहतर कानून व्यवस्था, अच्छी कनेक्टिविटी और निर्बाध विद्युत की उपलब्धता से उत्तर प्रदेश में निवेश का अच्छा माहौल बना है। 

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश की सड़कों को बेहतर करने के लिए एफडीआर तकनीक को अपनाने वाला उत्तर प्रदेश पहला राज्य है, जिसे देश के अन्य राज्य भी अपना रहे हैं। पांच एक्सप्रेस-वे के माध्यम से हमने प्रदेश के सभी हिस्सों को जोड़ा है। हमारी इंटर स्टेट कनेक्टिविटी बहुत बेहतर हुई है। आज उत्तर प्रदेश से किसी भी राज्य में जाना और आना बहुत आसान और सुविधाजनक है। उन्होंने भरोसा दिलाते हुए कहा कि यहां निवेश करने वाली कम्पनियों का निवेश सुरक्षित रहेगा और हमारी सरकार उन्हें पूरा सहयोग देगी। 

इस मौके पर नीदरलैड के उच्चायुक्त मार्टिन वेन डेन बर्ग ने कहा कि यह सम्मेलन निवेशकों को यूपी में निवेश करने के लिए आकर्षित करने में सफल रहा है। डच कम्पनियों के प्रतिनिधियों से परिचय कराते हुए नीदरलैंड के उच्चायुक्त ने कहा कि खाद्य, ऊर्जा, मैनुफैक्चरिंग सेक्टर में उत्तर प्रदेश में अपार संभावनाएं हैं। आने वाले समय में नीदरलैंड की और कम्पनियां उत्तर प्रदेश में निवेश को इच्छुक हैं।

यह भी पढ़ें:-UP Board परीक्षा से पहले माध्यमिक शिक्षा विभाग में हुए तबादले, कई जिलों को मिले नए डीआईओएस, देखें लिस्ट

संबंधित समाचार