देश की जनता ही सब कुछ व्यक्तिगत कुछ भी नहीं : योगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार,लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश की जनता ही सब कुछ है, व्यक्तिगत कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा कि दुनिया एकात्म मानववाद की ताकत को देख रही है। शनिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री उन्हें श्रद्धांजलि देने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे।

पं. दीनदयाल के आदर्शों को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति का कल्याण व विकास उनका सपना था। आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली भाजपा की डबल इंजन सरकार पं. दीनदयाल के सपनों को पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि आजाद भारत में समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति के कल्याण की बात करने वाली आवाज आज से 55 साल पहले साजिश का शिकार हुई। पं. दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय की बात करने वाले ज्योतिपुंज थे। उन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति के कल्याण को राजनीतिक चिंतन का एजेंडा बनाया था। उनके इस चिंतन का आज असर दिखता है।

उन्होंने कहा कि पहली बार मत, मजहब, क्षेत्र, भाषा के भेदभाव के बिना हर एक पात्र व्यक्ति को शौचालय, आवास, उज्ज्वला कनेक्शन आदि सुविधाएं मिल पा रहा है। बिना किसी भेदभाव बिजली वितरण हो रहा है। देश की 80 करोड़ जनता को मुफ्त राशन मिल रहा है। कोरोना महामारी के दौरान वैक्सीन की 220 करोड़ डोज लोगों मुफ्त दी गईं। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर, एमएलसी मुकेश शर्मा, पूर्व मंत्री आशुतोष टंडन, विधायक राजेश्वर सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें : हरदोई : राम की बारात में सारा शहर बना बाराती

संबंधित समाचार