लखनऊ : इस साल लग्जरी बसों का बेड़ा 5,000 के पार
अनुबंध की शर्तों को शिथिल करते हुए निगम प्रशासन ने वर्ष 2022-23 का तय किया लक्ष्य
अमृत विचार, लखनऊ। गर्मी की दस्तक देख परिवहन निगम प्रबंधन ने ठंडी लग्जरी सेवाओं का बेड़ा बढ़ाने का फैसला लिया है। इसकी तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। बसें महंगी होने के कारण अनुबंध की शर्तों को शिथिल करते हुए निगम प्रशासन ने वर्ष 2022-23 का लक्ष्य भी तय कर दिया है। इसके तहत बेडे़ में वॉल्वो, स्कैनिया समेत करीब पांच हजार नई अनुबंधित बसों को लाया जाएगा।
इनमें साधारण सेवाएं, ग्रामीण बसें, एसी स्लीपर, एसी चेयरकार विद स्लीपर, मिड सिगमेंट एसी बसों के अलावा हाई-एंड सेवाएं जिनमें वॉल्वो, स्कैनिया सरीखी बसें होंगी। मौजूदा समय में 2,330 अनुबंधित सेवाएं संचालित हो रही हैं। बेडे़ में और वातानुकूलित सेवाओं के शामिल होने से यात्रियों को अच्छी सुविधाएं मिलेंगी। गर्मी के कारण ज्यादातर बुकिंग भी लग्जरी सेवाओं की रहती है।
वर्जन
गर्मी बढ़ने के साथ ही एसी सेवाओं की डिमांड बढ़ने लगी है। ऐसे में नए अनुबंध को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। स्कीम में बदलाव करते हुए अनुबंधित आपरेटरों को निगम प्रशासन ने राहत दी है। लक्ष्य भी तय हो गया है। कोशिश है कि जल्द से जल्द एसी बसों का बड़ा बेड़ा तैयार हो जाए जिससे यात्रियों को गर्मी के मौसम में ठंडी सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। - संजय कुमार, प्रबंध निदेशक उप्र. राज्य सड़क परिवहन निगम
बॉक्स -
कैटेगरीवार बसें - संख्या
हाई-एंड सेवाएं वॉल्वो/स्कैनिया -50
एसी स्लीपर -50
एसी चेयरकार विद स्लीपर -50
मिड सिगमेंट की वातानुकूलित बसें -400
ग्रामीण बसें -50
साधारण बसें -4,400
कुल बसों की संख्या- 5,000
यह भी पढ़ें : तकनीकी में देश अब कंज्यूमर नहीं, प्रोड्यूसर है : राजीव चंद्रशेखर
