Chitrakoot News : फिल्म शूटिंग के नाम पर लोगों ने झेली दिक्कत, हाईवे पर लगा देर तक जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट हाईवे में तिग्मांशु धूलिया फिल्म शूटिंग के कारण जाम लगा।

चित्रकूट में तिग्मांशु धूलिया फिल्म की शूटिंग हो रही। जिस कारण हाईवे पर जाम से लोग जूझते रहे।

चित्रकूट, अमृत विचार। मंगलवार को जिला मुख्यालय में फिल्म की शूटिंग के नाम पर लोगों को अव्यवस्थाओं का जमकर सामना करना पड़ा। सूचना विभाग कार्यालय में हो रही निर्देशक तिग्मांशु धूलिया की फिल्म की वजह से सुरक्षा के नाम पर पुराने बैरियर के पास आवागमन बाधित हो गया। इससे कई घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। 

जानकारी के मुताबिक, जिले में कई दिन से निर्माता-निर्देशक तिग्मांशु धूलिया की टीम डेरा डाले है। टीम से जुड़े कुछ लोगों ने नाम छिपाते हुए बताया कि एसटीएफ द्वारा किए गए दस्यु उन्मूलन की पृष्ठभूमि पर बन रही इस फिल्म में दस्यु ददुआ, ठोकिया आदि के प्रसंगों का भी फिल्मांकन किया जाएगा। फिल्म का शीर्षक घमासान है। इसमें तत्कालीन एसटीएफ एसपी का रोल प्रमुख है। फिल्म कलाकार प्रतीक गांधी उनकी भूमिका में हैं। फिल्म क्रू से जुड़े लोगों की मानें तो फिल्म में ददुआ की भूमिका अरशद वारसी निभा रहे हैं।

इनके अलावा फिल्म में राजपाल यादव, अरविंद मौर्या आदि की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। पाठा के बीहड़ों में शूटिंग करने के बाद मंगलवार को टीम ने मुख्यालय में सूचना विभाग कार्यालय में सेट बनाकर शूटिंग शुरू की। यहां पर अखबार के दफ्तर का सेट बनाया गया है। उधर, मंगलवार को फिल्म की शूटिंग के दौरान जमकर अफरातफरी का माहौल रहा। सूचना विभाग कार्यालय के बाहर नगर पालिका का कार्यालय है। सामने मिर्जापुर-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर अपराह्न दो बजे से देर शाम लगभग साढ़े पांच बजे तक लंबा जाम लग गया। दोनों ओर से वाहनों का आवागमन बाधित हो गया। लोग कोसते रहे कि इस प्रमुख मार्ग के पास शूटिंग की अनुमति क्यों दी गई। 

बाउंसरों ने भी की अभद्रता

जिला मुख्यालय में शूटिंग को लेकर लोगों में काफी उत्सुकता दिखी। सूचना विभाग कार्यालय के पास शूटिंग देखने लोग पहुंच गए। सुरक्षा के नाम पर टीम के सुरक्षाकर्मियों और बाउंसरों ने इनसे अभद्रता भी की। 

हमें प्रचार की आवश्यकता नहीं

उधर, फिल्म के बारे में जानने के लिए जब टीम के पास मीडियाकर्मी पहुंचे तो सुरक्षाकर्मियों ने उनसे भी अभद्रता की। कुछ लोगों ने तो यहां तक कहा कि आप जाइए हमें प्रचार की आवश्यकता नहीं। जब आवश्यकता होगी, बुला लेंगे। वे पत्रकार, जिनको शूटिंग की जानकारी नहीं थी अपने निजी काम से सूचना कार्यालय पहुंचे तो उनसे भी अभद्रता हुई। हालांकि बाद में टीम के वरिष्ठ सदस्यों ने इस अभद्रता के लिए खेद भी जताया।

संबंधित समाचार