लखनऊ : उच्च शिक्षा अधिकारी कार्यालय में लुआक्टा का धरना
नारी शिक्षा निकेतन महाविद्यालय की शिक्षिकाओं के उत्पीड़न को लेकर शुरू किया धरना
अमृत विचार, लखनऊ। नारी शिक्षा निकेतन महाविद्यालय की शिक्षिकाओं के साथ हो रहे उत्पीड़न का मामला अब तूल पकड़ रहा है। कॉलेज के प्रबंध तंत्र के अड़ियल रवैये के खिलाफ लुआक्टा के पदाधिकारी मंगलवार देर शाम क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में धरने पर बैठ गए। देर रात तक उनके मान मनौव्वल कर धरना समाप्त करने की कोशिश होती रही।
इसके पहले दिन के समय में लुआक्टा के आह्वान पर सभी शिक्षकों ने अपने-अपने डिग्री कॉलेजों में काला फीता बांधकर कार्य किया। इसके अलावा शिक्षकों द्वारा कॉलेज में ही आंशिक प्रदर्शन कर आंदोलन की भी चेतावनी दी गई।
लुआक्टा के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय और महामंत्री डॉ. अंशु केडिया ने बताया कि नारी शिक्षा निकेतन महाविद्यालय की शिक्षिकाओं के हो रहे लगातार उत्पीड़न एवं विगत दो माह दिसंबर 2022 एवं जनवरी 2023 के वेतन का भुगतान नहीं किए जाने, शिक्षिकाओं के प्रोन्नति की पत्रावली वेतन निर्धारण के लिए उच्च शिक्षा निदेशालय प्रयागराज नहीं भेजने आदि विभिन्न समस्याओं का प्रबंध तंत्र द्वारा बार-बार आग्रह के बावजूद समाधान नहीं किया जा रहा है।
इसको लेकर 10 फरवरी को लुआक्टा के आह्वान पर क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी के कार्यालय पर धरना दिया गया था। इसके बावजूद सुनवाई न होने पर 14 फरवरी से आंदोलन करने की चेतावनी दी गई थी। वहीं, संगठन की मांगों को तत्काल पूरा करने के लिए लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलसचिव संजय मेधावी की ओर से भी मंगलवार को क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखा गया है।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : जेपीएनआईसी की जांच अधूरी, रिपोर्ट का पता नहीं
