बरेली: नगर निगम टीम ने प्रतिबंधित पॉलीथिन का जखीरा पकड़ा, गोदाम सील

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। नगर निगम की टीम ने शहामतगंज में मोर बिल्डिंग के पास गुरुवार सुबह छापेमारी कर प्रतिबंधित पॉलीथिन का जखीरा पकड़ा। गोदाम में एक हजार कट्टे प्रतिबंधित पॉलीथिन से निर्मित माल भरा था। ट्रक से नया माल उतारा जा रहा था। छापे के दौरान 168 कट्टे ट्रक से मिले थे।

इन कट्टों से जब्त माल की कीमत एक लाख 800 रुपये थी। माल छुड़वाने के प्रयास में निगम कार्यालय में दोपहर तक लोग डटे रहे। वहीं, निगम कानपुर प्रशासन को प्रतिबंधित पॉलीथिन के हो रहे निर्माण को बंद कराने संबंधी रिपोर्ट भेजगा, क्योंकि वहीं से यह माल भेजा गया था।

यह भी पढ़ें- बरेली: जेल जाने का भी नहीं डर, फर्जी आईडी बनाकर भेजे अश्लील संदेश

नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स को मिली गुप्त सूचना के बाद अफसरों ने छापेमारी की योजना बनाई। अपर नगर आयुक्त प्रथम सुनील कुमार यादव के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी। सुबह करीब 5.30 बजे शहामतगंज में मोर बिल्डिंग के पास ट्रक रुका और कुछ माल उतर चुका था, तभी टीम ने अचानक छापेमारी की। नगर आयुक्त भी टीम के साथ फोन पर जुड़ी रहीं। फोर्स और एसीएम प्रथम की मौजूदगी में टीम कार्रवाई की।

अपर नगर आयुक्त ने बताया कि टीम ने ट्रक से उतरते हुए 168 कट्टे पकड़े। इनमें थर्मोकोल से बने प्लेट, थाली, ग्लास सहित अन्य प्रतिबंधित माल था। यह माल कानपुर देहात स्थित फैक्ट्री से प्रखर इंटरप्राइजेज के लिए आया था। ट्रक को सुरक्षा की दृष्टि से बारादारी थाने भिजवा दिया गया फिर व्यापारी के गोदाम को खुलवाया गया। वहां भी प्रतिबंधित पॉलीथिन से बने ग्लास, कटोरी, प्लेट थाली आदि सामान मिला। लकड़ी और कागज के ग्लास को अलग करवा कर गोदाम को सील करा दिया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रतिबंधित पॉलीथिन पहली बार पकड़े जाने पर जुर्माना वसूलने का नियम है। ऐसे में संबंधित व्यापारी ने 25 हजार का जुर्माना भर दिया है। ट्रक से जब्त माल को गांधी उद्यान में रखवा दिया गया है। टीम में जोनल स्वच्छता अधिकारी विमल मिश्रा, महेन्द्र प्रताप सिंह राठौर, पूर्णिमा सक्सेना आदि शामिल रहे। अपर नगर आयुक्त ने बताया कि जब्त माल को पर्यावरण नियमों के तहत नष्ट कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें- बरेली: बिजली कनेक्शन काटने पहुंची विजिलेंस टीम पर हमला, रिपोर्ट दर्ज

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज