Share Market : वैश्विक बाजारों में कमजोरी के बीच सेंसेक्स-निफ्टी कमजोर, रुपया आठ पैसे टूटा 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुंबई। वैश्विक बाजारों में कमजोरी के बीच शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में प्रमुख शेयर सूचकांकों में गिरावट आई। इस दौरान बीएसई सेंसेक्स 397.67 अंक गिरकर 60,921.84 अंक पर आ गया। एनएसई निफ्टी 108.4 अंक टूटकर 17,927.45 पर था। सेंसेक्स में नेस्ले, इंडसइंड बैंक, टेक महिंद्रा, विप्रो, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इंफोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचडीएफसी और एचडीएफसी बैंक गिरने वाले प्रमुख शेयर थे। 

दूसरी ओर अल्ट्राटेक सीमेंट, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा स्टील, एशियन पेंट्स और रिलायंस में तेजी रही। अन्य एशियाई बाजारों में जापान, दक्षिण कोरिया, हांगकांग और चीन गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को भारी गिरावट के साथ बंद हुए थे। इससे पहले बृहस्पतिवार को सेंसेक्स 44.42 अंक या 0.07 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 61,319.51 पर बंद हुआ था। निफ्टी 20 अंक या 0.11 प्रतिशत बढ़कर 18,035.85 अंक पर बंद हुआ। अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.78 प्रतिशत गिरकर 84.48 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर आ गया। 

रुपया आठ पैसे टूटा 
अमेरिकी मुद्रा में मजबूती और घरेलू शेयर बाजारों में सुस्ती के बीच शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया आठ पैसे गिरकर 82.78 के स्तर पर आ गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले कमजोर होकर 82.77 पर खुला। बाद के कारोबार में यह 82.78 के स्तर पर आ गया, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले आठ पैसे कम है। 

रुपया बृहस्पतिवार को डॉलर के मुकाबले 82.70 पर बंद हुआ था। इसबीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.40 प्रतिशत बढ़कर 104.27 पर पहुंच गया। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा 0.79 प्रतिशत गिरकर 84.47 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 1,570.62 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। 

ये भी पढ़ें : बजट तैयार करते वक्त बाहरी चुनौतियों को भी ध्यान में रखा गया: निर्मला सीतारमण

 

संबंधित समाचार