मुरादाबाद : शिवभक्तों से भरी ट्रैक्टर ट्राली पलटी, दो की मौत, 40 घायल
बेकाबू होकर पलटी ट्राली, रात में ही घायलों का हाल जानने के लिए घटनास्थल रवाना हुए डीएम, एसएसपी
मुरादाबाद, अमृत विचार। थाना कांठ क्षेत्र के हरिद्वार रोड पर शिवभक्तों से भरी ट्रैक्टर ट्राली पलटने से उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी और 40 से अधिक लोग घायल हो गये। सूचना मिलते ही आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस की मदद से सभी घायलों को अलग-अलग अस्पताल व जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिसमें घायल गर्भवती महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
सड़क हादसे की जानकारी मिलते ही डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह, एसएसपी हेमराज मीणा, एसपी ग्रामीण संदीप कुमार मीणा, सीओ सिविल लाइन डॉ. अनूप सिंह भी मौके पर पहुंच गए। डीएम एसएसपी ने सभी घायलों का हाल जानने के बाद सभी को तत्काल उचित उपचार कराए जाने के आदेश जारी किए। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने बताया कि असमौली क्षेत्र के गांव पाकबड़ा और गांव नगला निडर निवासी करीब 40 लोग एक ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर हरिद्वार जा रहे थे। थाना कांठ इलाके में कांठ से पांच किलोमीटर आगे ट्रैक्टर ट्राली का संतुलन बिगड़ गया और ट्राली पलट गई ।
जिसमें सवार 50 वर्षीय पप्पू और एक युवक सनी की मौके पर ही मौत हो गई हैं। घायलों कुलदीप उसकी बीवी बबिता देवेन्द्र प्रशांत को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि कुछ घायलों को अलग अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया दिया गया है। जिला अस्पताल में भर्ती कराई गई कुलदीप की बीवी जो गर्भवती भी हैं। उसकी हालत नाजुक बताई जाती हैं।
उन्होंने बताया गांव के सभी लोग हरिद्वार जा रहे थे रात साढ़े आठ या पौने नो बजे यह हादसा हो गया है। दोनो शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसएसपी हेमराज मीणा ने कहा हादसा कैसे हुआ इसकी जांच कराई जाएगी। कुछ घायलों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई हैं और तीन घायल अभी जिला अस्पताल में भर्ती है जिनमें एक गर्भवती महिला को छोड़कर दोनो घायलों की हालत में सुधार बना हुआ है।
ये भी पढ़ें:- सीए हत्याकांड : शोकाकुल परिवार से मिले शहर विधायक रितेश गुप्ता ने बंधाया ढांढस, बोले-जल्द होगी कातिलों की गिरफ्तारी
