Mahashivratri 2023: दुग्धेश्वर नाथ पर लाखों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देवरिया। महाशिवरात्रि के मौके पर उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध रूद्रपुर के दुग्धेश्वर नाथ मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर पूजन अर्चन किया। आज तड़के तीन बजे से दुग्धेश्वर नाथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिये खोल दिये गये थे जिसके बाद दर्शन पूजन का शुरू हुआ क्रम देर शाम तक जारी था।

मंदिर के प्रधान पुरोहित रमाशंकर भारती ने बताया कि यहां के शिवलिंग को महाकालेश्वर उज्जैन की भांति ही इसे पौराणिक महत्ता मिली हुई है। त्रयंबकेश्वर भगवान के बाद रूद्रपुर में बाबा भोले नाथ का शिवलिंग धरातल से करीब 15 फीट नीचे हैं।
यहां के शिवलिंग को उज्जैन के ज्योतिर्लिंग का उपलिंग माना जाता है,जो नीसक पत्थर का बना है।

मान्यता है कि यहां के शिवलिंग को छूने मात्र से मनुष्य के सभी पाप धुल जाते हैं और भक्तों की सभी मुराद पूरी होती हैं। अपर जिलाधिकारी प्रशासन गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि यहां भीड़ को देखते हुए बैरिकेटिंग प्रशासन के द्वारा कराया गया है, जिससे श्रद्धालु बिना किसी परेशानी से बाबा का दर्शन कर सकें।

मंदिर परिसर में सुरक्षा के दृष्टिकोण से सीसीटीवी के साथ ड्रोन से निगरानी की जा रही है। एनसीसी, स्काउट के वालिएन्टर के साथ भारी मात्रा में पुलिस के जवानों को श्रद्धालुओं की सुविधा तथा सुरक्षा के लिये लगाया गया है। शाम तीन बजे तक करीब दो लाख श्रद्धालुओं ने बाबा का पूजन अर्चन कर लिया था।

यह भी पढ़ें:-Mahashivratri 2023: गोंडा में महाशिवरात्रि पर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे शिवालय, दर्शन के लिए लगी लंबी कतारें

संबंधित समाचार