Etawah Murder : बदमाशों ने महिला की हत्या कर की लूटपाट, ग्रामीणों ने किया हंगामा, दो और घरों में की चोरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इटावा में बदमाशों ने महिला के घर में घुसकर की लूटपाट।

इटावा के कोतवाली क्षेत्र के पाठकपुर गांव में बदमाशों ने घर में घुसकर लूटपाट करने के बाद महिला की हत्या कर दी। इतना ही नहीं, बदमाश गांव के दो और घर में चोरी करने के बाद मौके से फरार हो गए।

इटावा, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के पाठकपुरा गांव के एक घर में लूटपाट के इरादे से घुसे बदमाशों ने महिला की सिर पर वजनी वस्तु के प्रहार से  हत्या कर दी।  इसके  बाद बदमाश लूटपाट करके भाग निकले। महिला घर में अकेली थी। जिसकी बजह से रात में किसी को कुछ पता नहीं चला। पड़ोसियों ने सुबह महिला को लहुलुहान हालत में देखा तो हड़कंप मच गया।

गांव वालों ने घटना को लेकर हंगामा करना शुरू कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने दो घंटे तक महिला का शव नहीं उठने दिया। डीएम के आश्वासन पर दो घंटे बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम  के लिए भेज सकी। उधर बदमाशों ने इसी रात गांव के दो और घरों में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया।

पाठकपुरा गांव की रहने वाली प्रेमकली(50) पत्नी स्व.इंदल सिंह यादव का छोटा पुत्र  प्रदीप शुक्रवार की सुबह कांवर भरने के लिये गया था। रात को महिला घर में अकेली थी।  दीवार फांदकर घुसे बदमाशों ने घर से सामान चोरी करने लगे। इसी दौरान महिला जाग गयी और विरोध किया। इस पर बदमाशों ने महिला के सिर में वजनदार चीज मारकर हत्या कर दी और लूटपाट करके चले गये। शनिवार की सुबह 10 बजे तक महिला घर के बाहर नहीं निकली तो पड़ोसियों को कुछ शंका हुई।

दीवार पर चढ़कर देखा गया तो महिला बरामदे में लहुलुहान हालत में पड़ी थी। इस पर पुलिस को सूचना दी गयी। मेन गेट तोड़कर पुलिस ने देखा तो महिला का शव पड़ा था। महिला के सिर व चेहरे से भारी मात्रा में खून बहा पड़ा था। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचकर छानबीन की।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम केलिये भेजने का प्रयास किया तो गांव वालों ने शव नहीं उठने दिया और मुआवजे की मांग करने लगे। दो घंटे तक गांव वालों के हंगामे के बाद डीएम ने आश्वासन दिया। तब पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिये भेजा। बदमाशों ने घर से क्या लूटा इसके बारे में पुलिस छानबीन कर रही है।

हत्या के पहले दो  घरों में की  चोरी

पाठकपुरा गांव में शुक्रवार की रात को ही राकेश व राम प्रकाश के घर में घुसकर बदमाशों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। बदमाशन इनके घरों से गहने व नगदी पार कर ले गये। बदमाशों ने गांव के ही रामसनेही के घर के बाहर बंधी भैंस को भी खोलने का प्रयास किया लेकिन भैंस आवाज करने लगी इस पर गांव वाले जाग गये और बदमाश भाग निकले। इसकी जानकारी रात को ही पुलिस को दी गयी थी।

पुलिस कुछ देर बाद पहुंची और गांव वालों के साथ मिलकर बदमाशों की तलाश की गयी लेकिन बदमाश नहीं मिले। इसके बाद पुलिस चली गयी। आशंका जतायी जा रही है इनके घरों में चोरी के बाद बदमाश प्रेमकली के घर में पीछे की दीवार फांदकर घुसे और घर से गहनों व नगदी को चोरी करने लगे। तभी महिला जाग गयी तो बदमाशों ने उनकी हत्या कर दी।

महिला के घर में तीन लोग चोरी के इरादे से घुसे थे। महिला के जागने पर उन लोगों ने वजनदार चीज मारकर उसकी हत्या कर दी। एसओजी के अलावा पुलिस की तीन टीमों को इस घटना के खुलासे के लिये लगाया गया है। पुलिस को कुछ क्लू मिले हैं, जल्द ही बदमाश पकड़े जायेंगे।- संजय वर्मा, एसएसपी, इटावा

 

संबंधित समाचार