अमरोहा: गंगा जल लेने जा रहे कांवड़िये की सड़क हादसे में मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

स्कूटी सवार दो युवकों को कार ने मारी टक्कर, मुरादाबाद के युवक की मौत, दूसरा घायल

डिडौली(अमरोहा), अमृत विचार। ब्रजघाट से गंगा जल लेने जा रहे बाइक सवार मुरादाबाद के कांवड़िये की शुक्रवार की रात सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों की तहरीर पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
    
मुरादाबाद के मंडी चौक मुगलपुरा निवासी पूरन दिवाकर का पुत्र हर्ष दिवाकर एमकॉम का छात्र था। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार रात दो बजे हर्ष दिवाकर अपने दोस्त उमंग उर्फ यश गुप्ता के साथ महाशिवरात्रि पर जल चढ़ाने को लेकर ब्रजघाट से गंगाजल लेने के लिए निकला था। दोनों स्कूटी से जा रहे थे। जैसे ही उनकी स्कूटी डिडौली कोतवाली क्षेत्र में हाइवे स्थित जोया-संभल चौराहे पर पहुंची। 

तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में हर्ष दिवाकर और उसका साथी उमंग उर्फ यश गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। हादसे के बाद कार चालक कार को छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और उनके परिजनों को सूचना दी।

 हर्ष दिवाकर को मुरादाबाद के टीएमयू अस्पताल में रेफर कर दिया। जबकि उमंग उर्फ यश गुप्ता को डिडौली क्षेत्र के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।  टीएमयू में उपचार के दौरान शनिवार की सुबह हर्ष दिवाकर की मौत हो गई।  सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई है जबकि दूसरा घायल है। मामले में कार के अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार को कब्जे में ले लिया है।

ये भी पढ़ें:- S. Jaishankar Visit Australia: जयशंकर ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री के साथ बैठक में की द्विपक्षीय रणनीतिक संबंधों पर चर्चा

संबंधित समाचार