सोनभद्र : सीएमओ पर गिरी गाज, नियमों की अनदेखी करना पड़ा भारी, निलंबित
अमृत विचार, लखनऊ। कार्य में शिथिलता बरतने पर सोनभद्र के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) रमेश ठाकुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के सोनभद्र दौरे में मिली खामियों को लेकर की गई है। शनिवार को प्रमुख सचिव ने यह आदेश जारी किया है।
स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने बताया कि सीएमओ, सोनभद्र द्वारा पीसीपीएनडीटी एक्ट के नियमों की अनदेखी करने, शासकीय प्रावधानों की अवहेलना करने और अपने पदीय दायित्वों में लापरवाही बरतने के आरोप थे, शिकायतों में प्रथम दृष्टया जिम्मेदारी साबित होने को लेकर उन्हें सस्पेंड किया गया है।
यह कार्रवाई, उप मुख्यमंत्री के निर्देश पर की गई हैं, क्योंकि उनका कहना है कि पदीय दायित्वों को जिम्मेदारी सही से न निभाने एवं कार्यों में लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बता दें कि करीब 10 दिन पहले उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोनभद्र जिला अस्पताल का दौरा करने के साथ ही समीक्षा बैठक भी की थी। जिसमें पीसीपीएनडीटी एक्ट नियमों की अनदेखी व शासकीय प्रावधानों की अवहेलना देखने को मिली थी।
यह भी पढ़ें : बांदा : आठ माह की बच्ची सहित दंपति को तेज रफ्तार बोलेरो ने कुचला, मौत
