Kanpur: अप्रैल में हो सकते नगरीय निकाय चुनाव, पिछड़ा आयोग ने आरक्षण सूची बनाई, 31 मार्च से पहले आयोग सौंपेगा रिपोर्ट
कानपुर में अप्रैल में नगरीय निकाय चुनाव हो सकते।
कानपुर में अप्रैल में नगरीय निकाय चुनाव हो सकते। पिछड़ा आयोग ने आरक्षण सूची बनाई। 31 मार्च से पहले आयोग रिपोर्ट सौंपेगा। संगठन में आंशिक परिवर्तन के संकेत है।
कानपुर, अमृत विचार। भाजपा की प्रदेश और जिला कमेटियों के पदाधिकारियों में फेरबदल नगरीय निकाय चुनाव के कारण फिलहाल टलता दिख रहा है। पार्टी प्रदेश स्तर पर सिर्फ उन्हीं पदाधिकारियों की जिम्मेदारी से मुक्त कर सकती है जो मंत्री, एमएलए ,एमएलसी हैं। इनकी संख्या लगभग आठ बताई जाती है।
यही नहीं संभावित लघु फेरबदल के बाद निकाय चुनाव और फिर लोकसभा चुनाव 2024 में होंगे ऐसे में पार्टी के वरिष्ठजनों का मानना है कि आमूलचूल परिवर्तन लोकसभा चुनाव के बाद ही हो सकता है। मंडलीय जनप्रतिनिधियों की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायकों और सांसदों से दो टूक कहा है कि वे नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं।
चार मार्च को बोर्ड परीक्षा समाप्त होने के बाद निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी की जा सकती है। संगठन के भरोसेमंद पदाधिकारी ने बताया कि पिछड़े वार्डों के आरक्षण को लेकर गठित आयोग अपनी रिपोर्ट 31 मार्च से पहले सौंप देगा। अब तक 48 जिलों का सर्वेक्षण किया जा चुका है। पिछड़े वार्डों के आरक्षण पर सवाल उठाते हुए रिट पिटीशन दायर की गयी थी।
कोर्ट ने बिना पिछड़ी जाति को आरक्षण दिए ही चुनाव कराने की बात कह दी तो हड़कंप मच गया था। बाद में सुप्रीमकोर्ट की व्यवस्था के मुताबिक पिछड़ा आयोग गठित किया गया था जिसका काम पिछड़ी जाति के लिए वार्डों का जनसंख्या के अनुपात के हिसाब से चिन्हांकन करके रिपोर्ट देना है।
कानपुर में नगर निगम की चुनावी तैयारियों को लेकर हाल ही में हुई बैठक में अप्रैल में चुनाव के संकेत दिए गए। इस बैठक में जिला प्रभारी विजय बहादुर पाठक, संयोजक प्रकाश शर्मा प्रमुख रूप से शामिल हुए थे। कानपुर में महापौर की सीट सामान्य श्रेणी की है। इससे पहले यह महिला सीट थी। प्रमिला पांडे भाजपा के टिकट पर निर्वाचित हुई थीं। महापौर की टिकट को लेकर भाजपा में दावेदारों की संख्या बढ़ने से हलचल का माहौल है। आए दिन नये नाम चर्चा में आते रहते हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट मिलने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग इसी रिपोर्ट के आधार पर वार्डों के आरक्षण की नयी सूची जारी कर सकता है। इसके ठीक बाद तारीखों की घोषणा संभव है। समझा जाता है कि अप्रैल में चुनाव कराए जा सकते हैं।
भाजपा उत्तर जिला अध्यक्ष सुनील बजाज का कहना है कि संगठन चुनाव को तैयार है। नगर निगम चुनाव के संयोजक प्रकाश शर्मा ने बताया कि तैयारी बैठकें चलती रहेंगी। चुनाव की अधिसूचना चाहे जब जारी हो। पार्टी को तैयार रहने के निर्देश हैं जिसके तरह समय-समय पर बैठक होती हैं।
