बरेली: लाल फाटक पुल की दूसरी लेन शुरू करने को फिर नई तारीख और दावा
बरेली/कैंट, अमृत विचार। सेतु निगम के अफसर लगातार लाल फाटक पुल की दूसरी लेन शुरू करने का दावा कर रहे हैं, मगर हर बार नई तारीख दे दी जाती है। अब जिम्मेदारों ने 15 मार्च तक दूसरी लेन पर ट्रैफिक दौड़ने का दावा किया है। वहीं बदायूं से आने वाला ट्रैफिक एक ही लेन से गुजर रहा है।
पिछले साल दिसंबर माह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रैली से पहले आनन-फानन में लाल फाटक पुल की एक लेन शुरू की गई थी। सेतु निगम ने इसी माह दूसरी लेन भी शुरू करने का दावा किया था मगर वह अभी तक पूरा नहीं हो सका। तीन माह बीतने के बाद भी दूसरी लेन बंद है। दरअसल, अभी तक दूसरी लेन की सड़क नहीं बन पाई है। अफसरों का कहना है कि ठंड में कोलतार नहीं टिकता है। इसलिए देरी हो रही है। चार दिन पहले हुई मंडलीय समीक्षा में कमिश्नर संयुक्ता समद्दार ने अफसरों को फटकार लगाते हुए 15 मार्च तक पुल की दूसरी लेने का निर्माण पूरा करने के साथ इसे शुरू करने के निर्देश दिए थे। फिलहाल, एक लेन से ही दोनों तरफ का ट्रैफिक गुजर रहा है। इससे आवाजाही में लोगों को दिक्कत हो रही है।
जाम से मुक्ति दिलाने के लिए लाल फाटक रेलवे क्रासिंग पर वर्ष 2016 में पुल बनाने की स्वीकृति मिली थी। 95 करोड़ की लागत से 955 मीटर लंबे पुल के लिए सेना की भूमि पर अनुमति लेने में करीब दो वर्ष से अधिक समय लगा था।
वर्जन
15 मार्च तक हर हाल में लाल फाटक पुल की दूसरी लेन का निर्माण पूर्ण हो जाएगा। ठंड बढ़ने से पुल पर सड़क निर्माण के लिए स्थिति अनुकूल नहीं थी। अब तापमान अनुकूल होने पर जल्द काम शुरू कराया जाएगा।- वीके सेन, डीपीएम, सेतु निगम
ये भी पढ़ें- बरेली: PRV पर तैनात कॉन्स्टेबल ने खुद को मारी गोली, गंभीर हालत में भर्ती
