रामपुर: बापू माल में पूर्व CM अखिलेश-आजम के शिलापट पर हथौड़े चलाने में आइम्फ अध्यक्ष गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर, अमृत विचार। करोड़ों रुपए की लागत से बने बापू माल में लगे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, पूर्व मंत्री आजम खां के शिलापट पर हथौड़ा चलाकर तोड़ने का वीडियो वायरल होने पर हड़कंप मच गया। पुलिस की सूचना पर नगर पालिका के संपत्ति लिपिक ने लोकसंपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

पुलिस ने आरोपी अखिल भारतीय मुस्लिम महासंघ (आइम्फ) के स्वयंभू राष्ट्रीय अध्यक्ष फरहत अली खां को गिरफ्तार कर लिया। फरहत वीडियो में धमकी दे रहे हैं कि आजम खां सजायाफ्ता और भू माफिया हैं इनके शिलापट अब जहां भी होंगे उन्हें तोड़ देंगे।    

सपा शासनकाल में तोपखाना स्थित बापू माल का शिलान्यास 27 नवंबर 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किया था। बापू माल 24 करोड़ 96 लाख रुपए की लागत से बना था। जिसका उद्घाटन भी अखिलेश यादव और आजम खां ने किया था। रविवार को बापू माल में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, आजम खां के नाम के लगे शिलापट को अखिल भारतीय मुस्लिम महासंघ (एआइएमएफ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष फरहत अली खां ने हथौड़े चलाकर तोड़ दिया।

इसका वीडियो भी वायरल होने लगा। माल में लगे शिलापट पर हथौड़े चलने की सूचना मिलने पर पालिका अफसरों में खलबली मच गई। वायरल वीडियो में राष्ट्रीय अध्यक्ष फरहत खां कह रहा है कि जब आजम खां, उनके बेटे अब्दुल्ला को मताधिकार का प्रयोग करने का अधिकार खत्म कर दिया गया है। तो फिर ऐसे शिलापटों पर नाम लिखने का क्या मतलब रह गया है। वीडियो में धमकी दी जा रही थी कि जहां आजम खां के नाम से लगे शिलापट लगे हुए हैं उन्हें तुंरत ही हटाया जाए।

अन्यथा वह ऐसे ही शिलापटों को हथौड़ा चलाकर तोड़ देंगे। सरकारी संपत्ति पर इस तरह हथौड़ा चलाने का वीडियो वायरल हो गया था। जिसके बाद पुलिस महकमे के अधिकारी सक्रिय हो गए थे। आनन फानन में नगर पालिका में तैनात संपत्ति लिपिक अफजल समीर की तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने अखिल भारतीय मुस्लिम महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष फरहत अली खां के खिलाफ लोकसंपत्ति को क्षति पहुंचाने की धारा 427 और धारा 2/3/7 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने आरोपी फरहत अली खां को गिरफ्तार कर लिया है।

सपा पूर्व जिलाध्यक्ष, नगर विधानसभा प्रत्याशी ने प्रदेशाध्यक्ष को लिखा पत्र
समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल, आसिम राजा ने सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल को पत्र लिखकर अवगत कराया कि सपा सरकार में शासनकाल में नगर में करोड़ों रुपए की लागत से शापिंग माल का निर्माण कराया गया था। माल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को समिर्पत करते हुए बापू माल रखा गया था। माल का उद्घाटन सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं तत्कालीन मुख्यमंत्री द्वारा 2016 में किया गया था। दिनदहाड़े से शिलापट को तोड़ा जाना लोक संपत्ति को क्षतिग्रस्त कर अपराधिक कृत्य है। इस प्रकार के कृत्य से जनपद की शांति व्यवस्था को भी गंभीर खतरा है।

बापू माल का उद्घाटन तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रामपुर आकर किया था। इस उदघाटन का शिलालेख वहां पर लगा हुआ है। उस पर तत्कालीन मुख्यमंत्री और आजम खां के नाम थे। दोपहर में फरहत अली खां द्वारा उस पर हथौड़े चलाए गए, जिससे उसको तोड़ दिया गया है। उनके द्वारा एक बाइट भी दी गई है। इस मामले में नगर पालिका के बाबू की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है---डा. संसार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक।

संबंधित समाचार