बरेली: स्मार्ट सिटी के अंधेरे ने ली सर्राफा व्यापारी के बेटे की जान
बरेली, अमृत विचार। शहर को स्मार्ट सिटी का तमगा दिया जा रहा है। जहां एक ओर स्मार्ट सिटी योजना के तहत शहर को रोशन किया जा रहा है। वहीं कई स्थान ऐसे भी हैं जहां पर एक भी स्ट्रीट लाइट तक नहीं लगी है। जिस कारण वहां अंधेरा पसरा रहता है। रात के इस अंधेरे में वाहन चालकों को पता ही नहीं चलता कब उनका वाहन रोड से डिवाइडर पर चढ़ जाता है। ऐसे स्थानों पर आए दिन लोग चोटिल होते रहते हैं। ऐसा ही एक वाक्या सौ फुटा रोड पर सर्राफा व्यापारी के बेटे के साथ हुआ अंधेरा होने के कारण उसकी स्कूटी डिवाइडर से जा टकराई और उसकी मौत हो गई।
थाना कोतवाली क्षेत्र के आलमगिरीगंज निवासी सराफा व्यापारी अन्नू अग्रवाल का 22 वर्षीय बेटा शिवांशु अग्रवाल रविवार की रात सौ फुटा रोड पर काम से गया था। इस दौरान सौ फुटा रोड पर अंधेरा होने के कारण उसकी स्कूटी डिवाइडर से जा टकराई जिसमें शिवांशु की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कर इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिवार में शिवांग की मौत की खबर की सूचना से कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दौरान मृतक के परिजनों ने बताया कि अगर वहां पर अंधेरा नहीं होता तो शिवांशु की जान नहीं जाती। अधिकारियों की लापरवाही से शिवांग की मौत हो गई।
ये भी पढ़ें- बरेली: अत्याचार और हत्या की घटनाओं से ब्राह्मण समाज में रोष, सौंपा ज्ञापन
