जीएम सरसों की बिक्री पर प्रदेश में लगे प्रतिबंध: भाकियू
बहराइच, अमृत विचार। भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। जीएम सरसो की बिक्री पर प्रदेश और देश में बंद किए जाने समेत 14 मांगों का ज्ञापन डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिलाध्यक्ष मोहन लाल की अगुवाई में सैकड़ों किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे। किसानों ने मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन किया।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि सरकार द्वारा जीएम सरसो की बिक्री को बढ़ावा दिया जा रहा है। यह पर्यावरण, मानव जीवन और मधुमक्खी पालन के लिए खतरनाक है। इस पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने की मांग की। गन्ना मूल्य 500 रूपये प्रति क्विंटल करने, छुट्टा मवेशियों से निजात दिलाने, चुनाव घोषणा अनुसार किसानों को बिजली फ्री देने की मांग की गई।
इसके अलावा एमएसपी गारंटी कानून बनाने, आंदोलन के दौरान किसानों पर दर्ज मुकदमें वापस लेने, किसान परिवार को स्वास्थ्य बीमा का लाभ देने समेत अन्य मांगों को लेकर सभी ने धरना दिया। इसके बाद जिलाध्यक्ष की अगुवाई में किसानों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट ज्योति राय को दिया। इस दौरान काफी संख्या में किसान मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:-बहराइच में बोले बृजलाल खाबरी- कांगेस के हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में जुड़ रहे ग्रामीण
