Chitrakoot: दूसरे जिलों से भी जुड़े हो सकते निखत मामले के तार, अधिकारियों का दावा- कोई भी आरोपी बख्शा नहीं जाएगा
चित्रकूट के निखत मामले के तार दूसरे जिलों से भी जुड़े हो सकते।
चित्रकूट के निखत मामले के तार दूसरे जिलों से भी जुड़े हो सकते है। डीआईजी और एसपी ने कहा कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
चित्रकूट, अमृत विचार। डीआईजी विपिन कुमार ने आशंका जताई कि निखत बानो मामले के तार अन्य जिलों में भी जुड़े हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि पता लगाया जा रहा है और जो भी आरोपी सामने आएगा उसे बख्शा नहीं जाएगा।
डीआईजी और एसपी वृंदा शुक्ला ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि जिला जेल में निखत बानो ने अपने पति और विधायक अब्बास अंसारी से 18 दिसंबर से 10 फरवरी तक सिर्फ छह बार ही अधिकृत रूप से मिली थी और कुछ दिनों को छोड़कर लगातार गैरकानूनी रूप से उससे मुलाकात कर चुकी थी। बताया कि यह भी पता चला है कि निखत ने जेल अधिकारियों को मिलाई के एवज में चारपहिया वाहन भी उपहार में दिया था। इसकी जांच भी कराई जा रही है।
गौरतलब है कि 10 फरवरी को डीएम अभिषेक आनंद और एसपी वृंदा शुक्ला ने जिला कारागार का आकस्मिक निरीक्षण किया था और निरुद्ध विधायक अब्बास अंसारी को पत्नी निखत बानो के साथ गिरफ्तार किया था। इस दौरान पुलिस ने ड्राइवर नियाज को भी गिरफ्तार किया था। 16 फरवरी को विशेष न्यायालय भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम जनपद लखनऊ ने निखत बानो का तीन दिन का और सह आरोपी नियाज का पांच दिन का पुलिस कस्टडी रिमांड स्वीकृत किया था।
पुलिस ने निखत एवं नियाज से गहनता से पूछताछ की और इस आधार पर समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव फराज खान के आरोपियों का सहयोग करने में सक्रिय भूमिका उभरकर सामने आई। डीआईजी ने बताया कि फराज को पुलिस हिरासत में लेकर अन्य सहयोगी व्यक्तियों एवं उनके द्वारा की गई मदद के विषय में पूछताछ की जा रही है।
