बरेली: 15 दिन से युवक लापता, इज्जतनगर थाने के सामने लगाया जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बेटे को तलाश करने के लिए 15 दिन से थाना इज्जतनगर के चक्कर काट रही मां का सब्र मंगलवार को टूट गया। उसने मोहल्ले के लोगों के साथ थाना इज्जतनगर के सामने जाम लगा दिया। इंस्पेक्टर अरुण कुमार श्रीवास्तव ने लोगों को समझाया और जल्द ही युवक को तलाश करने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग सड़क से हटे।

बिहारमान नगला बीडीए कॉलोनी निवासिनी हुस्नआरा के बेटे नहीम का अपहरण अज्ञात ट्रक चालक ने 7 फरवरी को कर लिया था। थाना पुलिस 15 दिन तक युवक को तलाश नहीं कर सकी। इससे नाराज मां हुस्नआरा बीडीए कॉलोनी के दर्जनों लोगों के साथ थाना इज्जतनगर गेट पर पहुंची। इसके बाद सभी लोग सड़क पर बैठकर नहीम को तलाश करने की मांग करने लगे। रोड पर बैठने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गईं।

लोगों का कहना था कि जब तक पुलिस नहीम को तलाश नहीं कर लेगी, तब तक वे लोग सड़क से नहीं उठेंगे। मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर अरुण कुमार श्रीवास्तव ने लोगों और हुस्नआरा को समझाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की लापरवाही से आक्रोशित लोगों को इंस्पेक्टर की बातों पर भरोसा नहीं हो रहा था। तब इंस्पेक्टर ने लोगों से वादा किया कि वे पांच दिन में युवक को तलाश करके रहेंगे। इसके बाद सभी लोग मान गए और सड़क से हट गए। जाम लगने के बाद इंस्पेक्टर ने तुरंत ही टीम बनाकर रामपुर के लिए भेज दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि जल्द ही युवक को पुलिस तलाश कर लेगी। ट्रक और चालक का पता किया जा रहा है।

शुरू से दिखी पुलिस की लापरवाही
हुस्नआरा ने बताया कि उनका बेटा 7 फरवरी को ट्रक वाला ले गया था। 8 फरवरी को उन्होंने पुलिस से शिकायत की तो सब्जी मंडी के आसपास के कैमरे चेक करा लिए, उसमें ट्रक तो दिखा लेकिन नंबर नहीं दिखाई दिया। इस प्रकरण में पुलिस ने उनकी शिकायत पर रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की थी। कह दिया कि शिकायती पत्र खो गया है। तब उन्होंने 9 फरवरी को दोबारा शिकायती पत्र दिया था। इसके बाद पुलिस ने 13 फरवरी को नहीम के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की थी। बताया कि बैरियर तक पुलिस ने सीसीटीवी चेक नहीं कराए। यदि पुलिस कैमरे चेक कराती तो ट्रक का नंबर निश्चित रूप से मिल सकता था।

ये भी पढ़ें- बरेली: कनेक्शन बंद कराने के नाम पर लाइनमैन ने महिला से 24 हजार ठगे

 

संबंधित समाचार