अयोध्या में रामनवमी पर ट्रस्ट मनाएगा 10 दिवसीय श्रीराम जन्मोत्सव

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

रामकोट की परिक्रमा, धार्मिक अनुष्ठान के साथ अलग-अलग प्रकार की प्रतियोगिताओं का भी होगा आयोजन

अमृत विचार, अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि पर इस बार रामलला के जन्मोत्सव को भव्य रूप से मनाए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से दशमी तक 10 दिवसीय आयोजन किया जाएगा। रामनवमी पर रामलला के अस्थाई मंदिर में यह अंतिम उत्सव होगा। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने उत्सव को श्रीराम जन्मोत्सव  का नाम दिया है। 
      
500 वर्षों के बाद रामलला के जन्मोत्सव को भव्यता के साथ मनाए जाने की तैयारी श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा की जा रही है। आयोजन को लेकर ट्रस्ट ने अभी कोई अधिकृत बयान जारी नहीं किया है, लेकिन अंदर खाने में भव्य आयोजन को लेकर बैठकों का दौर शुरू हो गया है। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को राम कोट की परिक्रमा के साथ इस उत्सव की शुरुआत की जाएगी। जन्मभूमि परिसर में धार्मिक आयोजन के साथ स्थानीय व बाहर से आने वाले श्रद्धालु को जोड़ने के लिए भी अलग-अलग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, लेकिन सुरक्षा की दृष्टि से यह आयोजन राम जन्मभूमि परिसर के बाहर ही होंगे।

रामनवमी पर होती है विशेष आरती व पूजा 
रामलला के मुख्य अर्चक आचार्य सत्येंद्र दास ने बताया कि परिसर में राम लला के 1949 में प्रकट होने के बाद रामनवमी का उत्सव धार्मिक अनुष्ठान की परंपरा के तहत पूरा किया जाता था। इस दौरान नौ दिवसीय कलश स्थापना और विशेष पूजन अर्चन हो पा रहा था। रामलला टेंट में विराजमान तो हुए, लेकिन किसी भी प्रकार के स्थाई अखंड ज्योति जलाए जाने पर प्रतिबंध रहा। नौ दिवसीय धार्मिक आयोजन और रामनवमी के दिन विशेष आरती पूजन प्रसाद की व्यवस्था की जाती रही है।

ये भी पढ़ें -अयोध्या: चिकित्सकों ने समेटे हाथ, बुजुर्ग महिला ने बचाई बच्चे की जान 

संबंधित समाचार