लापरवाही! नहीं सुन रहे बिजली विभाग के जिम्मेदार, जान जोखिम में डालकर ग्रामीण करते हैं आवागमन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सरेनी (रायबरेली) अमृत विचार। बिजली विभाग की लापरवाही के कारण हजारों किसानों की जिंदगी खतरे में है। गांव में लटक रहे बिजली का तार सिर पर बोझा रखकर निकल रहे किसानों को स्पर्श करता है। जिससे कभी भी हादसे की संभावना बनी हुई है। लेकिन अधिकारी इस बड़ी जानलेवा समस्या के प्रति बेपरवाह बने हैं। मामला क्षेत्र के गांव लखना पुर का है। गांव के पास से निकली हुई एचटी लाइन के तार ढीले हैं। 

गांव को जाने वाले आम रास्ते में यह तार लटक रहा है। गांव की आबादी करीब दो हजार है। इसी रास्ते से पूरे गांव का आवागमन होता है ।गांव के किसानों का कहना है कि जब वह सिर पर अनाज या अन्य किसी प्रकार का बोझ लेकर निकलते हैं, तो उनके सिर पर बिजली का तार स्पर्श करता है। जिससे कभी भी हादसे की संभावना बनी हुई है। किसान मजबूरी में अपना जान जोखिम में डालकर इस रास्ते से आवागमन करते हैं ।

इस बारे में कई बार किसानों ने बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को शिकायती पत्र भी दिया है। लेकिन बिजली विभाग के अधिकारी बेपरवाह बने हुए हैं। गांव के किसान ललऊ पाल, रमेश साहू, सूर्य पाल, कैलाश पासी, प्यारेलाल साहू, श्याम लाल साहू, बिहारी पासी, शोभा लोध, राम दुलारे साहू, मन्नर तिवारी, फूल कुंवर सिंह, धानू पासी, रामकेश सिंह, रज्जन, राम नारायन आदि ने बताया कि यदि तत्काल इस समस्या का निदान नहीं किया गया तो पूरे गांव के किसान आंदोलन करेंगे।

यह भी पढ़ें:-बाराबंकी: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से एक की मौत दो घायल

संबंधित समाचार