बिजनौर : मानसिक रूप से कमजोर युवक ने मंदिर में रखी मूर्ति की खंडित, गिरफ्तार
शेरकोट (बिजनौर)। क्षेत्र के एक गांव में मानसिक रूप से कमजोर युवक ने बुधवार रात मंदिर में रखी मूर्ति को खंडित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। खंडित मूर्ति को हटाकर उसके स्थान पर नई मूर्ति स्थापित करा दी।
क्षेत्र के गांव हाफिजाबाद में रोड किनारे स्थित एक मंदिर में रखी मां दुर्गा की मूर्ति को देर रात एक मानसिक रूप से कमजोर युवक ने खंडित किया। बरात से लौट रहे कुछ लोगों ने मंदिर के पास एक युवक को आग जलाते देखा। इसके बाद उन्हें मूर्ति खंडित दिखाई दी। घटना की सूचना लोगों ने पुलिस व ग्रामीणों को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी किरनपाल पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। मां दुर्गा की नई मूर्ति विधि विधान के साथ स्थापित कराई। पुलिस अधीक्षक पूर्वी धर्म सिंह मार्छाल, सीओ इंदु सिद्धार्थ, एसडीएम धामपुर मनोज कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।
पुलिस चौकी के पास खेत में मिला व्यक्ति का शव
नजीबाबाद। हरिद्वार रोड स्थित पुलिस चौकी के पास गन्ने के खेत में एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जांच की जा रही है। गुरुवार सुबह हरिद्वार मार्ग स्थित साहनपुर पुलिस चौकी के निकट कल्हैडी रोड किनारे एक गन्ने के खेत में राहगीरों ने एक शव पड़ा देखा। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को द । सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई। मृतक की शिनाख्त विकास कुमार निवासी मुख्त्यारपुर गांव के रूप में हुई। घटना की जानकारी होने पर सीओ गजेंद्रपाल सिंह भी मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि विकास नशे का आदी था। सीओ ने बताया कि मृतक के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं था। परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पेड़ से कार टकराई, दुल्हा-दुल्हन समेत कई लोग घायल
स्योहारा। बुधवार देर रात दुल्हन को लेकर घर लौट रहे एक दूल्हे की कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में दूल्हा-दुल्हन सहित कई लोग भी घायल हो गए। थाना क्षेत्र के गांव श्यामा बाद में सुमित कुमार की बरात आई थी। शादी संपन्न होने के बाद दूल्हा सुमित कुमार, दुल्हन सोनिया, आदेश, गोविंद, सोनी कार में सवार होकर वापस हिमाचल प्रदेश के गांव बारपुर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार धामपुर स्योहारा मार्ग स्थित गांव चंचलपुर के पास पहुंची तभी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। हादसे में दूल्हा-दुल्हन सहित सभी लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंचने राहगीरो ने सभी को कार से बाहर निकाला और दूसरी कार में बैठाकर अस्पताल ले गए। उपचार के बाद सभी अपने घर चले गए।
ये भी पढ़ें : बिजनौर: मुस्लिम शिवभक्त को कांवड़ लाने पर गांव छोड़ने का दबाव, पुलिस से की शिकायत
