अयोध्या: दुल्हन के सिर पर थे कम बाल, वर पक्ष ने दहेज को लेकर किया हंगामा, केस दर्ज
बीकापुर, अयोध्या। दुल्हन के सिर पर बाल कम होने की बात को लेकर वर पक्ष ने बुधवार की रात जमकर हंगामा काटा। अतिरिक्त कैश की मांग कर रहे दूल्हे के सगे संबंधियों ने औरतों से बदसुलूकी भी की। भोजन का स्टाल गिरा दिया। इस दौरान बारात में आए लोग लौट गए। चोरी चुपके भाग रहे दूल्हे व उनके सगे संबंधियों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया।
सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। काफी देर तक मान-मनौव्वल का दौर चला। सुबह होने पर लड़की के पिता ने बीकापुर कोतवाली में मामले की तहरीर दे दी। दोपहर तक दूल्हे, उसके पिता, भाई व चाचा समेत 9 को पुलिस ने नामजद करते हुए एक अज्ञात व्यक्ति पर केस दर्ज कर लिया।
लड़की के पिता ने दी तहरीर में बताया है कि मेरी बेटी का विवाह आनंद पुत्र जितेन्द्र कनौजिया पता जमोली पोस्ट कूड़ेभार जिला सुल्तानपुर के साथ तय हुआ था। बुधवार को दूल्हे के पिता जितेंद्र व भाई परमानन्द, देवानन्द व चाचा पवन, उनकी पत्नी, बिचौलिया माता प्रसाद उसकी पत्नी आरती व वीरेंद्र मास्टर व उनके अन्य साथी दरवाजे पर बारात लेकर पहुंचे थे।
लड़की के पिता ने बताया कि मैंने वर पक्ष को पहले ही बता दिया था कि मेरी बेटी के सिर में बाल कम हैं। इसी बात को मुद्दा बनाकर वर पक्ष ने दरवाजे पर ही अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। जब हमने दहेज में इन्हें इनके मन मुताबिक कैश देने से मना किया तो इन्होंने मेरे घर के अंदर आकर मेरी बेटी व अन्य औरतों के साथ हाथापाई व गाली-गलौज की। खाने के सारे स्टाल तोड़ दिए। खाना फेंक किया।
मेरे किसी मेहमान व घर वालों ने खाने को हाथ भी नहीं लगाया था। शादी टूटने की वजह से मेरी पुत्री सदमे में चली गई है। मेरी दोनों छोटी और बड़ी बेटी की हालत बहुत खराब है। पुलिस ने दूल्हे आनंद, जितेंद्र, परमानन्द, देवानन्द, पवन, उनकी पत्नी, माता प्रसाद, आरती, वीरेंद्र मास्टर व एक अज्ञात पर केस दर्ज किया है।
वर पक्ष ने बेटी व औरतों के साथ की हाथापाई
लड़की के पिता ने आरोप लगाया कि उसने शादी में लगभग 10 लाख रुपये खर्च किए थे। हंगामा कर रहे वर पक्ष के लोगों ने धमकी देते हुए कहा था कि अगर पुलिस में शिकायत किया तो जान से मरवा देंगे।
यह भी पढ़ें:-Video: हरदोई में ई-रिक्शा का पीछा कर डंडे बरसाते रहे कानून के रखवाले, चलाये थप्पड़
