कन्नौज :  बच्चों के खेलने वाले नोट फेंकने पर हुई मारपीट, बिना शादी के लौट गयी बारात

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

अमृत विचार, कन्नौज। सौरिख थाना क्षेत्र के नगला भारा गांव में बुधवार की रात आई बारात में बारातियों ने महिलाओं पर चिल्ड्रन बैंक के रुपये (नकली नोट) फेंके। इसको लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। दूल्हा पक्ष ने दुल्हन पक्ष के लोगों पर लूटपाट के आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने गांव के चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। दूल्हा बगैर शादी किए बरात लेकर वापस हो गया।

क्षेत्र के नगला भारा गांव निवासी रामनरेश गौतम के पुत्री की बारात बुधवार रात को दिल्ली के करन विहार से आई थी। बारात चढ़ने के दौरान बारातियों ने जनाती पक्ष की महिलाओं पर बच्चों के खेलने वाले नकली रुपये फेंकने शुरू कर दिए। यह देख कई लोगों ने नकली नोट फाड़ कर फेंक दिए। वहीं इस बात पर दोनों पक्ष भिड़ गए और जमकर मारपीट हुई। बाराती पक्ष से आए रवि गुप्ता पुत्र सियाराम गुप्ता निवासी ए 62 सेक्टर 2 रोहिणी दिल्ली ने लड़की पक्ष पर एक जंजीर एवं 50 हजार लूटने के आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। सूचना पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने बच्चों वाले रुपये सौंप दिये। 

वहीं पुलिस ने लूट के आरोप में गांव के चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। मामला इतना बढ़ गया दूल्हा बगैर शादी के बारातियों के साथ लौट गया। बारात वापस लौटने से दुल्हन समेत परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया है। दुल्हन का कहना है कि पिता द्वारा उधार रुपये लेकर लड़का पक्ष की मांगों को पूरा किया गया। इसके बावजूद शादी न होने से मेरा परिवार बर्बाद हो चुका है।

यह भी पढ़ें : सुलतानपुर : विवाहिता की चाकू से गोदकर हत्या

संबंधित समाचार