अमरोहा: अमोनिया रिसाव से दो महिला समेत चार लोग बेहोश, हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बर्फ फैक्ट्री जिससे अमोनिया गैस लीक हुई।(फोटो)

हसनपुर, अमृत विचार। बर्फ फैक्ट्री में मरम्मत के दौरान बुधवार रात अमोनिया गैस रिसाव से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। दो महिला समेत चार लोग बेहोश हो गए। इससे गुस्साए लोगों ने फैक्ट्री के गेट पर हंगामा किया। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात पर काबू किया।

यह भी पढ़ें- अमरोहा : पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से दो गो तस्कर घायल, आरोपियों ने धनौरा में की थी गोकशी  

 नगर के रहरा बस अड्डे के पास आबादी में  विमल अग्रवाल की बर्फ फैक्ट्री है। बताया जा रहा है कि एक मार्च से बर्फ फैक्ट्री चालू की जानी है। इसके लिए  मरम्मत कराई जा रही थी। इस दौरान बुधवार रात करीब 8:30 बजे फैक्ट्री में अमोनिया गैस का सिलेंडर लीक हो गया। जिससे अफरा-तफरी मच गई। मोहल्ले के लोगों का अमोनिया गैस से दम घुटने लगा।

शिवानी, सलोनी, काविंद्र समेत चार लोग बेहोश हो गए।  घटना के विरोध में मोहल्ले के लोगों ने फैक्ट्री के गेट पर हंगामा किया। उन्होंने आशंका जताई कि अगर आबादी से फैक्ट्री को बाहर नहीं किया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। घटना की सूचना के बाद प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार वर्मा पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया। फैक्ट्री मालिक से फैक्ट्री संचालन से संबंधित कागजात मांगे और कोतवाली में बुलाया गया। तब तक फैक्ट्री में मरम्मत व संचालन का काम बंद करने के लिए कहा गया है। 

उधर, गैस रिसाव के बाद मोहल्ले में भगदड़ का वीडियो सीसीटीवी कैमरा में रिकॉर्ड हो गया। जो गुरुवार को  सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि आला अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम की सूचना दे दी गई है। फैक्ट्री स्वामी से संबंधित अभिलेख तलब किए गए हैं। गैस रिसाव से किसी के बेहोश होने की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, लोग इस तरह की चर्चा कर रहे हैं। 

बुधवार रात को विमल अग्रवाल बर्फ फैक्ट्री में मरम्मत करा रहे थे। इस दौरान अमोनिया गैस का रिसाव हो गया। जिससे मोहल्ले के लोग घबरा गए। कुछ लोगों ने मोहल्ले वासियों के बेहोश होने की अफवाह फैलाई है। मौके पर निरीक्षण किया गया तो कोई भी व्यक्ति बेहोशी की हालत में नहीं मिला---अभिषेक यादव, पुलिस क्षेत्राधिकारी।

यह भी पढ़ें- अमरोहा : देह व्यापार कराने के आरोपी की एक करोड़ की संपत्ति कुर्क

संबंधित समाचार