आजमगढ़: अपराधियों की अब खैर नहीं, मुठभेड़ में 25 हज़ार इनामी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Amrit Vichar Network
Edited By Ankit Yadav
On

अमृत विचार, आजमगढ़। जिले में लगातार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन मुठभेड़ में 25 हजार इनामी बदमाश हसीब को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पैर में गोली लगने के चलते पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया है। बता दें कि बदमाश हसीब ने चोरी की कई घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। वहीं आजमगढ़ पुलिस ने गुरुवार को भी जिले में दो अलग-अलग मुठभेड़ में 25 हजार के दो इनामी समेत तीन बदमाश पर ताबततोड़ कार्रवाई की थी। 

बता दें कि बीते 10 फरवरी को पुलिस ने कस्बा लालगंज में चोरी करने की योजना बना रहे कुछ चोरों को पकड़ा था। जिसमें एजाज एहमद, शाहिद, आदिल और विश्वनाथ गुप्ता शामिल थे। वहीं इस दौरान हसीब उर्फ शेरू व छेदी, आकिल, वाकिफ मौके से फरार हो गए थे।

इसके बाद शुक्रवार सुबह मुखबिर से सूचना मिलने पर देवगांव थाने के प्रभारी निरीक्षक गजानंद चौबे और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ लालगंज भीरा मार्ग पर स्थित कबीरा पुलिया देवगांव बरदह बार्डर पर सतर्कता के साथ वाहन चेकिंग करने लगे। वहीं इस दौरान एक तेज रफ्तार बाइक भीरा की और से आती नज़र आई। इसके बाद पुलिस ने बाइक को रोकने की कोशिश की, लेकिन बाइक चालक ने बाइक की स्पीड और बढ़ा दी। जिसे देखकर पुलिस टीम ने उसे चारों तरफ से घेर लिया तभी वह कच्चे रास्ते की ओर मुड़ गया तभी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह गिर गया।

इसके बाद प्रभारी निरीक्षक देवगांव गजानंद चौबे ने सरेंडर के लिए कहा तो बदमाश ने गोली चला दी। वहीं पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के बांये पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान हसीब उर्फ शेरू पुत्र मुस्ताक निवासी नत्थुपुर नटबस्ती थाना जीयनपुर के रूप में की है। 

ये भी पढ़ें:- मुख्तार अंसारी को लगा बड़ा झटका, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने खारिज की जमानत याचिका

संबंधित समाचार