Kanpur Murder : साढ़ में महिला का अर्धनग्न शव मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस शिनाख्त के प्रयास में जुटी
Kanpur Murder कानपुर के साढ़ में महिला का अर्धनग्न शव मिलने से मचा हड़कंप।
Kanpur Murder कानपुर के साढ़ थाना क्षेत्र के जहानाबाद रोड किनारे अर्धनग्न अवस्था में महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। हालांकि मृतका की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई।
कानपुर, अमृत विचार। साढ़ थानाक्षेत्र अंतर्गत एक महिला की हत्या कर शव बोरी में अर्द्धनग्न हालत में सड़क किनारे फेंककर सनसनी फैला दी गई। आसपास के लोगों ने महिला का शव देखते ही पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बोरी से बाहर निकालकर जांच पड़ताल शुरू की। हत्यारों ने महिला की पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर किसी भारी चीज से कई वार कर घटना को अंजाम दिया।
जहानाबाद-रमईपुर संपर्क मार्ग पर स्थित असेनिया गांव के पास शुक्रवार सुबह 10 बजे के करीब महिला का शव देखा गया। जिसके बाद उन लोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस को मौके से कोई सामान बरामद नहीं हुआ। घंटों जांच की गई, लेकिन महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार महिला का शव 24 घंटे पुराना बताया जा रहा है।
बोरी में मिली महिला की उम्र (35 साल) के करीब बताई जा रही है। उसके चेहरे पर चोट के कई निशान मिले। शरीर पर भी खरोच के निशान दिखाई दिए। महिला ने हरे रंग का पेटीकोट और लाल रंग का ब्लाउज पहन रखा है। उसके शरीर पर एक गुलाबी कलर का दुप्पटा भी पड़ा हुआ था। महिला के दांतों पर भी खून लगा हुआ था। महिला के पैर बोरी के अंदर पाए गए। उसका बाकी पूरा शरीर बाहर था।
महिला हाथों में चूड़ी और एक उंगुली में चांदी की अंगूठी पहने हुई थी। उसकी कलाई पर भी चोट के निशान मिले हैं। कुछ ग्रामीणों ने महिला के साथ दुष्कर्म के होने की भी आशंका जाहिर की है। जिस स्थान पर महिला का शव पड़ मिला वहां से 20 मीटर की दूरी पर कुछ दुकानें हैं। एक दुकान के मालिक ने पुलिस को बताया कि वो रात में 10 बजे के करीब दुकान बंद कर रहा था। तभी एक कार जहानाबाद की ओर से आई थी। उन लोगों ने कार रोककर सड़क पर कुछ फेंका था लेकिन तब उसको लगा था कि वो लोग कूड़ा फेंककर जा रहे हैं। सुबह जब दुकान खोलने आए तो पता चला कि यहां शव मिला है।
फोटो से पुलिस शिनाख्त का कर रही प्रयास
साढ़ थानाध्यक्ष सच्चिदानंद ने बताया, शव पर चोट के निशान मिले हैं, आसपास के ग्राम प्रधानों को फोटो भेजकर महिला की शिनाख्त करने का प्रयास जारी है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटना के साक्ष्य जुटाए हैं। आस पास लगे सीसीटीवी भी देख जा रहे हैं।
घटना के बाद सैकड़ों लोगों की लगी भीड़
सुबह जैसे ही सड़क किनारे महिला का शव पड़ा पाया गया। आसपास क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीर अपने वाहनों को किनारे खड़ा करके वहां का नजारा देख रहे थे। एक दूसरे से सूचना आसपास के कई गांवों में फैल गई। मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ लग गई। यहां रहने वालों से पुलिस ने शिनाख्त कराने की कोशिश की।
