Kanpur : चकेरी थाने में पथराव और हंगामा, घंटों चलता रहा बवाल, पुलिस कर्मियों ने भागकर खुद को किया सुरक्षित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर के चकेरी थाने में दो पक्षों में पथराव के बाद हंगामा।

कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में दो पक्षों में विवाद के बाद थाने के अंदर जमकर लाठी-डंडे चले। इस पर पुलिस कर्मियों ने भागकर अपनी जान बचाई। थाने में देर रात तक जमकर चले बवाल को पुलिस रातभर छिपाती रही।

कानपुर, अमृत विचार। शुक्रवार देर रात चकेरी थाने में दो पक्षों ने एक दूसरे के ऊपर पथराव कर दिया। इसके साथ ही लाठी डंडे चला दिए। जिससे वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने भागकर अपनी जान बचानी पड़ी। रात भर तो किसी तरह इस गंभीर मामले को आलाधिकारियों को थाना पुलिस दबाए रही लेकिन शनिवार को बवाल को वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया। जिसके बाद मामले को संज्ञान में लेकर फटकार लगाते हुए पुलिस कमिश्नर ने जांच कर कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं।  

श्याम नगर निवासी सुमित सिंह और बिट्टा सिंह स्कूटी से शुक्रवार रात घर लौट रहे थे। श्याम नगर में अपने साथियों के साथ जा रहे अंशुमान उर्फ हर्ष गुप्ता की बाइक से टक्कर हो गई। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद बढ़ा तो नौबत मारपीट की आ गई। घटना से आक्रोशित शुभम ठाकुर, बिट्टा ठाकुर, आकाश यादव, राज ठाकुर, सोनू ठाकुर हैप्पी, शिवम समेत अन्य लोगों को घेरकर जमकर पीटा।

मारपीट के बाद दोनों पक्ष देर रात करीब डेढ़ बजे थाने में तहरीर देने पहुंचे। तहरीर लिखने के दौरान भी थाने के अंदर ही पुलिस के सामने दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों तरफ से एक-दूसरे पर पथराव और लाठी-डंडे चले। करीब एक घंटा तक मारपीट, पथराव की अराजकता थाने के अंदर चलती रही। पुलिस कर्मियों ने भागकर खुद को सुरक्षित किया। इसके बाद थाना प्रभारी फोर्स के साथ पहुंचे। इसके बाद बवाल और हंगामा शांत हो सका।

इस मामले को रात भर तो किसी तरह पुलिस छिपाती रही। लेकिन सोशल मीडिया में वीडियो के वायरल होते ही महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड ने एसीपी अमरनाथ यादव को फटकार लगाते हुए कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए।

अराजकता की हद है

कमिश्नरेट के चकेरी थानाक्षेत्र में टॉप पर अपराध है। रोजाना लूट, मारपीट और गुंडागर्दी के वीडियो वायरल हुआ करते हैं। इसी के साथ-साथ ऐसे अपराध भी पांव पसारे हैं, जिनकी गिनती ही नहीं है। अपराध के ग्राफ से अंदाजा लगाया जा सकता है, कि हर दिन यहां तीन से चार नए मुकदमे लिखे जाते हैं। एटीएम हैकरों समेत कई गिरोह पुलिस पर हावी है, लेकिन उन पर शिकंजा नहीं कसा जा रहा है। यही कारण हैं, कि अपराधियों के हौंसले इतने बुलंद हैं, कि उन लोगों ने थाना परिसर में पथराव करना भी नहीं छोड़ा है।  

दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।- अमरनाथ यादव, एसीपी चकेरी

संबंधित समाचार