अमरोहा: नाम समाजवादी पार्टी, है परिवारवादी पार्टी- बीएल वर्मा
केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री ने बोला अखिलेश यादव पर हमला
अमरोहा, अमृत विचार। केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि 2017 से पहले प्रदेश की दशा क्या थी यह बात किसी से छिपी नहीं है । उन्होंने कहा कि अखिलेश की पार्टी का नाम है समाजवादी पार्टी, लेकिन वह समाजवादी न होकर परिवारवादी बनकर रह गई है।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में किस तरह से प्रदेश में जंगलराज कायम था। अपराध, माफियागीरी आम बात थी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने उस समय नारा दिया था न गुंडाराज न भ्रष्टाचार, अब की बार भाजपा सरकार। इसी तरह लक्ष्य निर्धारित किया था 265 प्लस, लेकिन जनता ने 325 सीटों पर भाजपा को विजयी बनाकर अखिलेश को मुंहतोड़ जवाब दिया
बीएम वर्मा से पत्रकारों ने पूर्व सीएम अखिलेश द्वारा बजट पर की गई टिप्पणी के बारे में सवाल किया गया था। रामचरितमानस के बारे में सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा की गई अशोभनीय टिप्पणी के बारे में प्रतिक्रिया देने से स्पष्ट रूप से मना कर दिया।
उन्होंने कहा कि इस समय केवल केंद्रीय बजट को लेकर चर्चा की जानी चाहिए। उन्होंने इसी महीने के शुरु में लोकसभा में पेश किए गए केंद्रीय बजट को बेहतरीन बजट बताते हुए इसकी खूबियों का बखान किया तथा समाज के सभी वर्गों के लिए इस बजट को मुफीद बताया।
बजट में पेश किए गए अनेक बिंदुओं पर उन्होंने चर्चा करते हुए उसकी सराहना की। इससे पहले भाजपा जिला कार्यालय पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री का भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष डॉ. ऋषिपाल नागर, जिला महासचिव राकेश वर्मा, अभिनव कौशिक, रमेश कलाल, हाजी बब्बू मंसूरी आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- अमरोहा : घर में फंदे से लटका मिला छात्र का शव, परिवार में मचा कोहराम
